Friday, April 28, 2023

उत्कल गौरव मधुसूदन दास ; ओड़िशा राज्य के प्रथम स्वप्न दृष्टा

 

          (आलेख - स्वराज्य  करुण  )

  छत्तीसगढ़ , झारखण्ड और बंगाल के निकटतम पड़ोसी उत्कलवासी आज 28 अप्रैल को आधुनिक ओड़िशा राज्य के प्रथम स्वप्नदृष्टा  स्वर्गीय मधुसूदन दास को उनकी जयंती के दिन ज़रूर याद कर रहे होंगे । उन्होंने आज से लगभग 120 साल पहले अलग ओड़िशा राज्य का सपना देखा था और जनता को इसके लिए प्रेरित और संगठित किया था। 


                 


 ओड़िशा के समाचार पत्रों , ओड़िशा के टीव्ही चैनलों और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों में भी आज लोग अलग -अलग तरीके से लोग उनके व्यक्ति और कृतित्व की चर्चा कर रहे होंगे। उत्कलवासियों ने उन्हें  'उत्कल गौरव 'का लोकप्रिय और आत्मीय सम्बोधन दिया । वह आज भी इसी सम्बोधन से याद किये जाते हैं । भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाकटिकट भी जारी किया था  ।वह बैरिस्टर (वकील ) होने के साथ -साथ विद्वान लेखक , चिन्तक और ओड़िया भाषा के लोकप्रिय साहित्यकार भी थे । उनका जन्मदिन ओड़िशा में 'वकील दिवस ' के रूप में भी मनाया जाता है ।

    स्वर्गीय मधुसूदन दास का जन्म 28 अप्रेल 1848 को तत्कालीन ब्रिटिश प्रशासित बंगाल प्रेसीडेंसी के अंतर्गत उत्कल क्षेत्र के ग्राम सत्यभामापुर (जिला -कटक) में हुआ था । उनका  निधन 4 फरवरी 1934 को कटक में हुआ । उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से एम .ए .और वकालत की शिक्षा प्राप्त की थी । स्वतंत्रता आंदोलन में उन्होंने महत्वपूर्ण  योगदान दिया । वह पहले ऐसे प्रबुद्ध नागरिक थे ,जिन्होंने सबसे पहले एक अलग ओड़िशा राज्य की परिकल्पना की और इसके लिए लोगों को संगठित कर वर्ष 1903 में उत्कल सम्मिलनी की स्थापना की और इस  मंच के माध्यम से  लगातार जन जागरण का अभियान चलाया । सितम्बर 1897 में उन्होंने ब्रिटेन जाकर लंदन में   ब्रिटिश सरकार के सामने पृथक ओड़िशा राज्य की मांग रखी ।वह 1907 में एक बार फिर लंदन गए और ओड़िशा वासियों की समस्याओं और भावनाओं की ओर  ब्रिटिश सरकार का ध्यान आकर्षित किया । उत्कल सम्मिलनी के माध्यम से ओड़िशा राज्य निर्माण के लिए उनके नेतृत्व में जन जागरण के साथ -साथ जन आंदोलन भी चलता रहा ।

लेकिन  यह विडम्बना ही है कि ओड़िशा राज्य निर्माण का उनका सपना  उनके जीवनकाल में पूरा नहीं हो पाया । विधि का विधान देखिए कि ओड़िशा राज्य निर्माण के करीब 2 साल पहले ही 4 फरवरी 1934 को लगभग  86 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया  । ओड़िशा राज्य एक अप्रैल 1936 को अस्तित्व में आया ।  

       -स्वराज्य  करुण

आइए ,कुछ पल निकालकर करें वृक्ष-चिन्तन

 


(आलेख ; स्वराज्य करुण )

गर्मियों की तेज ,चिलचिलाती धूप में  राह चलते इंसान को कुछ पलों के सुकून के लिए शीतल छाँव की ज़रूरत होती है।  सड़कों के किनारे लगे नीम ,बरगद ,पीपल और कई अन्य छायादार पेड़ इंसान को निःशुल्क शीतलता प्रदान करते हैं। आम जैसे कई फलदार वृक्ष स्वादिष्ट फलों के साथ ठंडी छाँव भी देते हैं। पीपल का तो कहना ही क्या ?

   भारतीय संस्कृति का पूजनीय वृक्ष है पीपल । वैसे तो हमारी संस्कृति में बरगद ,आम ,आंवला  और बेल सहित  सभी वृक्ष पूजनीय हैं ,क्योंकि ये  हमारी  धरती पर  हर प्रकार से  प्राणी जगत की सेवा करते हैं ,हमें जीवित रहने के लिए बिना किसी भेदभाव के ,हर दिन भरपूर ऑक्सीजन देते हैं। अन्य प्रजातियों के वृक्षों की तरह यह भी पर्यावरण -हितैषी पेड़ है।    पीपल के बारे में कहा जाता है कि यह चौबीसों घंटे ऑक्सीजन देने वाला वृक्ष है। यह कहीं भी और कठोर भूमि पर भी उग सकता है। इसलिए आज के समय में उजड़ते पहाड़ों पर भी इसे उगाने की संभावनाओं पर हमें विचार करना चाहिए। परन्तु  अपने आस -पास देखें तो पता चलेगा कि यह तेजी से विलुप्त हो रहा है । पहले तो पीपल के पेड़ तालाबों के किनारे भी दिख जाते थे। नदी  -नालों के दोनों  किनारे भी तरह -तरह के सघन वृक्षों से सजे होते थे । लेकिन अब वो बात कहाँ ?  ऐसे में बचपन के दिनों में  अपनी स्कूली किताब 'बालभारती' में पढ़ी कविता की याद आती है --

यह कदम्ब का पेड़ अगर माँ होता यमुना तीरे

मैं भी उस पर बैठ कन्हैया बनता धीरे -धीरे। 

पीपल सहित सभी  प्रजातियों के पेड़ --पौधों को बचाना और उनकी संख्या बढ़ाना हमारी ज़िम्मेदारी है। लेकिन आज आधुनिकता की सुनामी में  तूफ़ानी रफ़्तार से हो रहे  शहरीकरण  की वजह से वृक्षों के अस्तित्व पर संकट के घने बादल मंडरा रहे हैं। मनुष्यों की आबादी बढ़ रही है और वृक्षों की घट रही है। फिर भी मनुष्य अगर चाहे तो अपने जीवन में पेड़ -पौधों के लिए भी पर्याप्त जगह छोड़  सकता है।  -- स्वराज्य  करुण

Wednesday, April 26, 2023

(आलेख) आजकल ऐसी फिल्में क्यों नहीं बनतीं?

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित एक फ़िल्म को याद करते हुए मन में उठा सवाल )

        (आलेख -स्वराज करुण)
अच्छा ,आप लोग जरा ये बताइए , आजकल  ऐसी फिल्में  क्यों नहीं बनतीं ,जो हमारे समाज की ज्वलंत समस्याओं को लेकर दर्शकों की चेतना को झकझोरती हों ,उन्हें सोचने के लिए मज़बूर करती हों? फिल्में मनोरंजन का माध्यम जरूर हैं लेकिन उनमें समाज के लिए कोई स्वस्थ और सार्थक संदेश भी तो होना चाहिए।
  क्या सचमुच हमारा समाज बदल गया है ?क्या ज़ुल्म और लूट का रिवाज़ बदल गया है ? अगर नहीं तो क्या फिर आजकल ऐसी फिल्मों और ऐसे गीतों की जरूरत नहीं है ,जिनमें तरह -तरह के ज़ुल्म-ओ-सितम से घिरे मनुष्य की मुक्ति और समाज में एक बेहतर बदलाव की चाहत हो ?
    अगर ऐसी फिल्में नहीं आ रही हैं तो उन  पुरानी फिल्मों के ऐसे गीत भी तो अब रेडियो और टीव्ही पर सुनने -देखने को नहीं मिल रहे हैं। शायद आज की समाज -व्यवस्था को ऐसे गीत बर्दाश्त नहीं होते। लेकिन पहले ऐसा नहीं था। व्यवस्था की विसंगतियों पर प्रहार करने वाली फिल्में भी आती थीं और उनमें ऐसे गाने भी होते थे ,जो रेडियो पर भी फ़रमाइशी कार्यक्रमों में प्रसारित भी होते थे ।

                                               


        
    उदाहरण के लिए वर्ष 1970 में आई फ़िल्म 'समाज को बदल डालो' को याद कीजिए । इस फ़िल्म का  शीर्षक ही अपने -आप में एक बड़ा सन्देश लिए हुए है। लोकप्रिय शायर साहिर लुधियानवी के लिखे इस गीत को सुप्रसिद्ध संगीतकार रवि (रविशंकर शर्मा)के संगीत निर्देशन में लोकप्रिय मोहम्मद रफ़ी ने अपनी आवाज़ दी थी।
फ़िल्म में  अजय साहनी ,शारदा ,प्रेम चोपड़ा, प्राण ,  अरुणा ईरानी ,महमूद  और कन्हैयालाल सहित  सहित कई बड़े कलाकारों ने  बेहतरीन अभिनय किया था। जेमिनी पिक्चर्स द्वारा निर्मित यह फ़िल्म राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित की गयी है । बहरहाल आप इस फ़िल्म के शीर्षक गीत को पढ़िए ,यूट्यूब के लिंक को क्लिक करके  सुनिए और मनन कीजिए कि आजकल ऐसे फ़िल्मी गाने समाज से गायब क्यों हैं ?-
https://www.facebook.com/Brij1206/videos/10203763381107017/

समाज को बदल डालो
समाज को बदल डालो
समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो

कितने घर हैं जिनमे आज रौशनी नहीं
कितने घर हैं जिनमे आज रौशनी नहीं
कितने तन बदन हैं जिनमे ज़िन्दगी नहीं

मुल्क  और कौम के मिज़ाज़  को बदल डालो
मुल्क  और कौम के मिज़ाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो

सैकड़ों  की मेहनतों पर एक क्यूँ पले
सैकड़ों  की मेहनतों  पर एक क्यूँ पले
ऊँच नीच से भरा निज़ाम  क्यूँ चले
आज है यही तो ऐसे आज को बदल डालो
आज है यही तो ऐसे आज को बदल डालो

समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो.

     **********

Sunday, April 23, 2023

(आलेख ) गायब होती पुस्तक -संस्कृति ...!

 विश्व पुस्तक दिवस के मौके पर  चिन्ता और चिन्तन 

     (आलेख -स्वराज करुण   )

       *******************

पुस्तकें तो बहुत छप रही हैं ,लेकिन पढ़ने वालों की संख्या कम होती जा रही है। अन्य देशों का तो नहीं मालूम लेकिन हमारे देश में अपने आस-पास नज़र दौड़ाएँ तो आम तौर पर ऐसा ही माहौल मिलेगा। वैज्ञानिक आविष्कारों को तो नहीं रोका जा सकता ,लेकिन यह एक ज़मीनी सच्चाई है कि सूचना क्रांति के इस दौर में इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो ने लोगों में भौतिक रूप से पुस्तक पढ़ने की आदत को लगभग ख़त्म कर दिया है।  यह एक बड़ा विरोधाभास है कि आज विश्व पुस्तक दिवस के मौके पर मैं भी यहाँ इस गंभीर समस्या की चर्चा  सोशल मीडिया के इस  प्लेटफॉर्म पर ही  कर रहा हूँ।


   


                                              

हालांकि किसी भी पुस्तक को कम्प्यूटर के स्क्रीन पर आंखें गड़ा कर पढ़ने  और छपी हुई पुस्तक को सामने रखकर पढ़ने में अनुभवों का बहुत अंतर होता है। कम्प्यूटर या मोबाइल फोन के स्क्रीन पर किताबें पढ़ना , समाचारों और विचारों को पढ़ना आसान जरूर है ,लेकिन प्रकाशित सामग्री को  (कम्प्यूटर की भाषा में कहें तो ) हार्ड कॉपी के रूप में पढ़ने में है ,वह चमकीले स्क्रीन पर नहीं। साहित्यिक पुस्तकों की बात करें तो अपनी नज़रों के सामने किसी उपन्यास ,किसी कहानी संग्रह ,कविता संग्रह ,यात्रा वृत्तांत , निबंध संग्रह को देखकर पढ़ने में जो अनुभव होता है , वह कम्प्यूटर के चमकदार पर्दे पर पढ़ने में कहाँ? फिर भी अधिकांश लोग  केवल इंटरनेट पर ऑन लाइन पुस्तकें पढ़ते हैं। विशेष रूप से स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थियों में ऑन लाइन पढ़ने की अभिरुचि देखी जाती है।अकादमिक विषयों की कई पुस्तकें महँगी होने और अनुपलब्ध होने की वजह से शायद ऑन लाइन पढ़ना उनके लिए ज्यादा आसान होता है।लेकिन इधर साहित्यिक बिरादरी  के लिए यह एक गंभीर चिन्ता ,चिन्तन और चुनौती का विषय है कि हमारे समाज में  पुस्तक संस्कृति तेजी से  गायब  हो रही है। मैंने सुना है कि केरल और बंगाल जैसे राज्यों में पुस्तक -संस्कृति आज भी जीवित है। वहाँ के साहित्यिक -सांस्कृतिक अभिरुचि सम्पन्न लोग विवाहोत्सव  और जन्मोत्सव जैसे शुभ अवसरों पर उपहार में अच्छी पुस्तकें भेंट करते हैं। यह एक अच्छी परम्परा है। ऐसा अन्य राज्यों में भी होना चाहिए। स्कूल -कॉलेजों में होने वाली विभिन्न साहित्यिक -सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार के रूप में  अच्छी पुस्तकें दी जानी चाहिए। इससे हमारे देश और समाज में पुस्तक -संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

  संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक ,वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा विश्व पुस्तक दिवस वर्ष 1995 से मनाया जा रहा है।  स्कूल -कॉलेजों की पुस्तकों के अलावा भी अपनी रुचि के अनुसार हर दिन नहीं तो हर सप्ताह ,हर सप्ताह नहीं तो हर महीने कला -संस्कृति ,ज्ञान -विज्ञान ,कविता ,कहानी ,उपन्यास आदि में से किसी भी विषय और किसी भी विधा की कम से कम एक पुस्तक हमें जरूर पढ़नी  चाहिए। दुनिया में लाखों - करोड़ों लेखक हैं और उनकी लिखी लाखों -करोड़ों पुस्तकें ।  उनमें से पढ़ने लायक पुस्तकों का चयन भी आज  एक बड़ी चुनौती है।

       कम्प्यूटर तकनीक पर आधारित सोशल मीडिया के इस दौर में आज हर मनुष्य को अभिव्यक्ति का एक सर्वसुलभ मंच मिला है। ऐसे में समाज के सामने  अपने विचार रखना बहुत आसान हो गया है।  कई मायनों में यह अच्छा भी है और कई मायनों में बुरा भी। बुरा इसलिए कि इसके अपने खतरे भी हैं। यह माध्यम कई बार भ्रामक जानकारी भी फैलाता है। पढ़ने वाले को उस पर आ रहे संदेशों को पढ़ते समय अपने दिमाग का भी इस्तेमाल करना चाहिए। उन संदेशों को आँख मूंदकर सच नहीं मान लेना चाहिए।  सोशल मीडिया में तो जाने -अनजाने आज हर मनुष्य लेखक और पत्रकार की भूमिका में है। लेकिन क्या लिखना है ,क्यों लिखना है ,किसके लिए लिखना है ,इसका ध्यान कम ही लोग रख पाते हैं। कम्प्यूटर टेक्नोलॉजी के इस दौर में लेखकों की आबादी और  उनकी पुस्तकों की संख्या भी बढ़ती जा रही है,वहीं ऐसा लगता है कि पाठकों की जनसंख्या लगातार कम से कम होती जा रही है ।  दुनिया में आज समाचार पत्र -पत्रिकाओं की संख्या और उनमें लिखने वालों की संख्या भी बढ़ी है ,पर उन्हें गंभीरता से और स्वविवेक -बुद्धि से पढ़ने वाले कितने हैं ,यह व्यापक सर्वेक्षण और शोध  का विषय है। फिर भी सरसरी तौर पर देखें तो निराशा होती है। 

पुस्तकालयों और वाचनालयों की हालत भी आम तौर पर निराशाजनक है। अब अधिकांश पाठक सिर्फ़ फेसबुक और वाट्सएप यूनिवर्सिटियों के छात्र हो गए हैं। वे अपने अधजल गगरी वाले प्रोफेसरों के अनुयायी बन जाते हैं।।उन्हें सोशल मीडिया के इन मंचों के बाहर की दुनिया से कोई मतलब नहीं। वे लिखना ख़ूब चाहते हैं ,मोबाइल पर लिखते भी रहते हैं,लेकिन उनमें से अधिकांश में भाषाओं  और तथ्यों के  सामान्य ज्ञान की कमी भी दिखाई देती है। उनमें वैचारिक संकट भी दिखाई पड़ता है। सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर भ्रामक सूचनाओं से प्रभावित होकर लोग आनन -फानन में अपनी धारणाएँ बना लेते हैं और तथ्यों की पुष्टि किए बिना कई बार अफवाहें फैलाने का माध्यम बन जाते हैं।

फेसबुक और वाट्सएप विश्वविद्यालयों के ऐसे स्वनामधन्य छात्रों और उनके स्वनामधन्य प्रोफेसरों को  सोशल मीडिया के अलावा उसके बाहर के समाज में उपलब्ध पुस्तकों पर भी ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।लेकिन पुस्तकों के प्रति उनकी घटती अभिरुचि  चिन्ता का विषय है। एक दिक्कत यह भी है कि आज के अधिकांश कवि और  लेखक स्वयं के लिखे हुए या छपे हुए के अलावा दूसरों का लिखा /छपा पढ़ते ही नहीं। । यहाँ तक कि पत्र -पत्रिकाओं में छपी अपनी छोड़कर दूसरों की रचनाओं को पढ़ना भी वे उचित नहीं समझते। विद्वानों का कहना है कि अगर आप लेखक बनना चाहते हैं या लेखक ,कवि हैं तो दूसरों की लिखी पुस्तकों को भी अवश्य पढ़ें ,क्योंकि अच्छा पढ़े बिना कुछ भी अच्छा नहीं लिखा जा सकता । 

     हम साहित्यिक पुस्तकें जरूर पढ़ें लेकिन सिर्फ पाठक के रूप में नहीं ,बल्कि नीर - क्षीर विवेक के साथ समीक्षात्मक दृष्टि से भी। हर पाठक को एक समीक्षक भी होना चाहिए।  पुस्तकों में उन्हें क्या अच्छा लगा ,क्यों अच्छा लगा , क्या ठीक नहीं लगा ,क्यों ठीक नहीं लगा , पढ़ने के बाद इस पर भी उन्हें विचार करना चाहिए।  जरूरी नहीं कि आप किसी पुस्तक की समीक्षा लिखें ,लेकिन एक सजग पाठक के रूप में उनके पन्नों पर आपको समीक्षक जैसी दृष्टि जरूर दौड़ानी चाहिए । बहरहाल , आप सभी को विश्व पुस्तक दिवस की हार्दिक बधाई।

   आलेख -- स्वराज करुण

Saturday, April 22, 2023

(आलेख) कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन ...!

 (आलेख -स्वराज करुण )

 आज तीव्र गति से हो रहे शहरीकरण के इस दौर में खेतों में भी मकान बनने लगे हैं  और अमराइयाँ विलुप्त हो रही हैं। उनके साथ -साथ कोयल जैसे पंछी और उनकी मधुर कुहूक भी अब लगभग सुनने को नहीं मिलती।

  सबको शीतल छाया और स्वादिष्ट आमों की सौगात देने वाले आम के वृक्षों पर भी पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है! अमराइयों के साथ -साथ स्वादिष्ट फल देने वाले और भी कई मूल्यवान वृक्ष भी अदृश्य होते जा रहे हैं।आज 22 अप्रैल को  विश्व पृथ्वी  दिवस के मौके पर हमें याद रखना चाहिए भारत जैसे देशों में अमराइयों का दिनों -दिन गायब होते जाना हमारी पृथ्वी  के लिए एक बड़ा खतरा है!

                                                



 शहरों में रहने वाले और शहरी वातावरण में पले -बढ़े अधिकांश बच्चे आज यह नहीं जानते कि अमराई क्या है ? गलती उनकी भी नहीं है। जब उन्होंने कभी अमराई देखी ही नहीं ,तो फिर कैसे बता पाएँगे ?शायद तस्वीर दिखाकर ही उन्हें बताया जा सकता है कि देखो ,इसे कहते हैं अमराई!  किसी यात्रा के दौरान अगर दूर कहीं कोई रही -सही अमराई दिख जाए तो हमें अपना बचपन याद आ ही जाता है। आँखों में तैरने लगते हैं उन दिनों के दृश्य ,जब गर्मियों में हममें से अधिकांश की दोपहरी अमराइयों की सुकून देने वाली छाँव में गुजरा करती थी। काश !  कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन! तब हॄदय अनायास कह उठता है --

ले चल मुझको किसी गाँव में ,

अमराई की घनी छाँव में ! 

-स्वराज करुण

(आलेख) आइए ,हम सब मिलकर बचाएँ अपनी ख़ूबसूरत पृथ्वी को

 

            आज विश्व पृथ्वी दिवस पर एक चिन्तन 

                   (आलेख -स्वराज करुण )


क्या आप और हम चाहते हैं कि हमारी यह ख़ूबसूरत पृथ्वी सुरक्षित रहे ,जिस पर हम सबकी दुनिया बसती है ? तो फिर आज विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर ऐसे कई सवालों के  जवाब तलाशने  का दिन है । सोचने -विचारने का दिन है कि हम पृथ्वी लोक के मनुष्य हमारी इस खूबसूरत पृथ्वी को विनाश की दिशा में ढकेलना आख़िर कब  बन्द करेंगे?

अपनी धरती को युद्ध ,हिंसा और प्रतिहिंसा की आग से कैसे बचाएँगे?  हमारी दुनिया को धार्मिक कट्टरता और नफरतों की ज़हरीली हवाओं से कैसे सुरक्षित रख पाएंगे?     हमें याद रखना चाहिए कि  असीम विस्तार वाले इस विशाल ब्रम्हांड के तमाम ग्रहों और उपग्रहों के बीच अब तक पृथ्वी के सिवाय और कहीं भी मानव जीवन के संकेत नहीं मिले हैं। इसलिए भी यह  पृथ्वी  हमारी अनमोल धरोहर है। इसे बहुत नज़ाकत से  संभाल कर रखना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। लेकिन विगत एक शताब्दी में हम पृथ्वी माता की संतानों ने दो -दो विश्व युद्धों से उसके विनाश का  त्रासद और काला इतिहास  लिख डाला है । अब विगत एक वर्ष से यूक्रेन जैसे छोटे -से देश पर जारी निर्मम और विनाशकारी रूसी हमलों ने तीसरे विश्वयुद्ध  का ख़तरा बढ़ा दिया है। सम्पूर्ण ब्रम्हांड में हमारी पृथ्वी ही एक मात्र ऐसी जगह है ,जहाँ मानव और तरह तरह -तरह के सुंदर जीव -जंतुओं का निवास है।


                               



 नैसर्गिक धन -धान्य से परिपूर्ण हमारी पृथ्वी माता हमें क्या -क्या नहीं देती ? अपने हरे -भरे  जंगलों की स्वच्छ हवा और जीवन रक्षक  वनौषधियाँ ,  हमारी प्यास बुझाने के लिए वनाच्छादित पर्वतों से निकलकर बहते रुपहले झरनों और  नदियों -नालों का अमृत तुल्य पानी हमारे लिए पृथ्वी माता का वरदान हैं। सोना ,चाँदी ,लोहा ,ताम्बा और कोयले की अनमोल खनिज सम्पदा वह अपने गर्भ से हम पर लुटा देती है। लेकिन उसकी  संतान के रूप में उसके इन बहुमूल्य उपकारों के बदले हम इंसान  उसे दे क्या रहे हैं ?महात्मा गांधी कहते  थे -- "पृथ्वी इंसानों की हर ज़रूरत को पूरा कर सकती है ,लेकिन वह इंसानों की लालच को पूरा नहीं कर सकती।'   उन्होंने धरती माता की अनमोल और अपार सम्पदा के प्रति  मनुष्य के बेहिसाब प्रलोभन को देखकर  कभी यह टिप्पणी की थी ,जो आज भी प्रासंगिक है। 

  यह कैसी विडम्बना है कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में हमने पृथ्वी माता को सोने का अंडा देने वाली मुर्गी समझ लिया है और स्वर्ण सम्पदा के लोभ में उसके शरीर को ही बेरहमी से चीरते जा रहे हैं। जल ,जंगल और ज़मीन अब हमारे लिए पृथ्वी माता  का वरदान नहीं ,बल्कि सिर्फ़ और सिर्फ़ दौलत कमाने का औजार रह गए हैं। विनाशकारी परमाणु हथियारों का परीक्षण करने वाले देश  पृथ्वी माता को तबाही का ख़तरनाक पैगाम दे रहे हैं। हवा में और महासागरों में किए जाने वाले परमाणु परीक्षण क्या पृथ्वी के पर्यावरण को प्रदूषित नहीं कर रहे हैं ?  

    अमेरिकी सिनेटर जेराल्ड नेल्सन ने वर्ष 1969 में विस्कॉन्सिन में आयोजित एक कार्यक्रम में पृथ्वी दिवस के आयोजन का आव्हान किया था। अगले वर्ष 1970 से इसकी शुरुआत हुई । पृथ्वी को बचाने के लिए वियतनाम युद्ध का विरोध  और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरण इसका प्रमुख उद्देश्य था।  वियतनाम पर अमेरिका एक दशक तक हमले करता रहा ,लेकिन अंत में वह  वियतनामी जनता की देशभक्ति और बहादुरी के सामने नतमस्तक होकर वहाँ से भागा।  पृथ्वी पर मानव सभ्यता को बचाने के लिए  परमाणु हथियार मुक्त ,आतंक और हिंसा से मुक्त विश्व समाज का निर्माण  हमारे लिए एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य होना चाहिए । लेकिन आज तो सम्पन्न देशों का आर्थिक साम्राज्यवाद पृथ्वी के अस्तित्व के सामने कई तरह की चुनौतियों को जन्म दे रहा है।दुनिया के कई देशों में मनुष्यों के बीच धार्मिक और सांप्रदायिक वैमनस्यता  पृथ्वी के सामाजिक और सांस्कृतिक पर्यावरण को भी प्रदूषित कर रही है ।

    भारतीय संस्कृति में तो हमारे ऋषि -मुनियों और तपस्वियों ने सम्पूर्ण वसुधा को एक परिवार मानकर  हमें   'वसुधैव कुटुम्बकम'  की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा दी है। हमारे यहाँ तो प्रत्येक धार्मिक अनुष्ठान का समापन ' विश्व का कल्याण हो ' और 'प्राणियों में सदभावना हो ' जैसी वैश्विक मंगलकामनाओं के साथ होता है ।। हालांकि रेल ,  हवाई जहाज और समुद्री जहाजों के अत्याधुनिक साधनों से धरती पर आवागमन तेज हुआ है ।इन्हें मिलाकर  टेलीफोन ,मोबाइल फोन ,इंटरनेट जैसे परस्पर सम्पर्क और संचार  के नित नवीन आविष्कारों से   आज सम्पूर्ण विश्व एक वैश्विक ग्राम या ग्लोबल विलेज का आकार ले चुका है ,लेकिन इस वैश्विक गाँव में  'वसुधैव कुटुम्बकम ' या 'वसुधा  एक कुटुम्ब ' या ' एक परिवार'  की उदात्त भावना का घोर अभाव देखा जा सकता है। 

 पृथ्वी माता की संतान के रूप में सम्पूर्ण संसार को  अपना परिवार मानने ,  हर मनुष्य को ,हर प्राणी को अपने इस  परिवार का सदस्य मानने  और हमारे दिलों में  उन सबके कल्याण की भावना विकसित होने पर ही  पृथ्वी दिवस की अवधारणा सार्थक होगी। सवाल ये है कि कब ऐसा होगा ? बहरहाल , संसार के सभी लोगों को आज पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

         --स्वराज करुण 

(फोटो : इंटरनेट से साभार )

Wednesday, April 19, 2023

(पुस्तक -चर्चा ) पहली बार हुआ रूसी कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद


          (आलेख : स्वराज करुण )

 यह पहली बार है ,जब रूसी कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद 'जइसे मोर हाथ म एक ठन पंछी' (जैसे मेरे हाथ में एक पंछी) शीर्षक से  सामने आया है। अनुवादक हैं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कवि भगतसिंह सोनी ,जो हिन्दी और छत्तीसगढ़ी नई कविताओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं।  उन्होंने हिन्दी में प्रकाशित इन आधुनिक रूसी कविताओं को छत्तीसगढ़ी भाषा में सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है । इस अनुवाद संकलन में  20  कवियों की रचनाएं शामिल हैं । यह संकलन पिछले साल( 2021)  में प्रकाशित हुआ है। तब कोरोना काल चल रहा था। पुस्तक की शुरुआत करते हुए  अनुवादक ने अपनी भूमिका में इसे ' लॉक डाउन में किए गए अनुवाद कर्म ' के रूप में पेश किया है।


                                                 



  इतना ही नहीं ,बल्कि भगत सिंह सोनी ने  अन्य 20 देशों के  27 विदेशी कवियों की कविताओं का भी छत्तीसगढ़ी में अनुवाद किया है।वर्ष 2017 में प्रकाशित  इस  अनुवाद संकलन का शीर्षक है --'एक देस अउ एक्के घर के हम सब्बो ' यानी एक देश और एक ही घर के हम  सब  । यह शीर्षक ही हमें 'वसुधैव कुटुम्बकम' के प्राचीन भारतीय आदर्श की याद दिलाता है। इसमें निकारागुआ, ग्रीस ,स्पेन ,पोलैंड ,ऑस्ट्रिया ,मैक्सिको ,चिली ,दक्षिण कोरिया ,डेनमार्क ,अर्जेंटीना, इंग्लैंड, यूगोस्लाविया, स्वीडन ,वियतनामअमेरिका,कनाडा ,ईरान ,तुर्की,फिलिस्तीन और चीन के कवियों की रचनाओं का  पहली बार छत्तीसगढ़ी भाषा में अनुवाद हुआ है। संकलन में  फिलिस्तीन के चार और अमेरिका,वियतनाम, मैक्सिको और ग्रीस के दो -दो कवियों और बाकी देशों के एक -एक कवि का समावेश है। इनमें से फिलिस्तीनी कवियों में महमूद दरवेश ,जकरिया मोहम्मद ,मुरीद अल बरघौटी और हसन जकतन, मैक्सिको के कवियों में ऑक्टोवियो पॉज और खाइमे साबिनेस, वियतनामी कवियों में तोहू और थिकनाताहान और अमेरिकी कवियों में बाल्टहिटमैन   शामिल हैं। अनुवाद संग्रह 'जइसे मोर हाथ म एक ठन पंछी 'में जिन 20 रूसी कवियों की रचनाओं के छत्तीसगढ़ी अनुवाद हैं उनके नाम हैं -- अलेक्सांद्र ब्लोक ,ब्लादीमिर मायकोव्स्की, मरीना तवेतायेवा ,बोरिस पस्टेरनाक ,वेलेमीर रुलेबनिकोव, सामुइल मरसाक, अन्ना अरूमातौवा ,सर्गेई येसेनिन,सामुइल गालकिन, निकोलाई रीलेनकोव, मक्सिमतांक, अकार्डी कुलेसोव ,जुल्फ़िया ,मर्गारीता अलिगेर ,सर्गेई स्मिरनोव,मिखाइल द्यूदिन , येवगेनी यवतुसेंको,अंद्रेई वोज्नेसेन्सकी ,कासिइन कुलियेव और रसूल गम्ज़ातोव ।

     सोनी जी ने गजानन माधव मुक्तिबोध की लम्बी और चर्चित कविता -'अंधेरे में' को भी छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रस्तुत किया है ,जो वर्ष 2018 में  'अंधियार म' शीर्षक से पुस्तक रूप में छपकर आ गयी है। आधुनिक हिन्दी कविताओं के अनेक जाने माने रचनाकारों की कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद भी सोनीजी ने किया है । यह अनुवाद संकलन  'गरमी के दुःख म फ़ूलथे अमलतास 'शीर्षक से कुछ वर्ष पहले छप चुका है। इन चारों अनुवाद संकलनों पर विस्तार से अलग -अलग चर्चा फिर कभी।इसके अलावा 'जुन्ना घर ' उनकी स्वयं की  छत्तीसगढ़ी  कविताओं का संकलन है।

  भगतसिंह सोनी  लगभग 56 वर्षों से हिन्दी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में काव्य साधना में लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के निवासी हैं। रायपुर में ही उनका जन्म 25 सितम्बर 1947 को हुआ था। वह देना बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक हैं। उनका लेखन वर्ष 1966 से अनवरत चल रहा है।  छत्तीसगढ़ी भाषा में अतुकांत कविताओं की शुरुआत करने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।उनके द्वारा रचित 'रँहचुली 'को छत्तीसगढ़ी की  पहली अतुकांत कविता माना जाता है।यह एक लम्बी कविता है।

उनके तीन  हिन्दी काव्य संग्रह हैं  - (1)नहीं बनना चाहता था कवि और (2)पृथ्वी से क्या कहेंगे और (3) अंतसकारा।  इनमें से 'नहीं बनना चाहता था कवि ' के लिए उन्हें मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा वर्ष 1995 में वागीश्वरी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।भगतसिंह सोनी की कविताएँ हिन्दी की अनेक साहित्यिक पत्र -पत्रिकाओं में छपती रही हैं। विशेष रूप से अस्सी के दशक में लघु पत्रिका आंदोलन के दौरान । वह स्वयं वर्ष 1980 से 82 तक  'जारी ' नामक अनियतकालीन लघु पत्रिका भी प्रकाशित करते रहे हैं।  आलेख  --  स्वराज करुण