सबके लिए निःशुल्क हो शिक्षा ;
आज 11नवम्बर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस
*********
स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री
भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती
(आलेख : स्वराज्य करुण )
अगर किसी देश में सच्चा लोकतंत्र है, यानी वहाँ का तंत्र जनता के लिए जनता के द्वारा संचालित है, तो उस देश में जनता के लिए शिक्षा और इलाज की बड़ी से बड़ी हर सुविधा निःशुल्क होनी चाहिए।फिलहाल तो आज हम अपने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की चर्चा करें, जो स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर भारत सरकार द्वारा घोषित किया हुआ दिवस है । क्या आज के दिन उन्हें विनम्र नमन करते हुए हमें देश के सभी बच्चों के लिए स्कूल से लेकर कॉलेज तक निःशुल्क शिक्षा की जरूरत पर विचार नहीं करना चाहिए ? क्या राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के मौके पर आज देश भर के स्कूल -कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। शिक्षा का अधिकार कानून तो वर्ष 2009 से लागू हो गया ,नई शिक्षा नीति भी 2020 से लागू है,लेकिन क्या इस कानून और इस नीति से देश भर में महलनुमा स्कूलों के दरवाजे हर बच्चे के लिए अब तक खुल पाए हैं ? क्या भारत के सभी सरकारी स्कूलों को अमीरों के प्राइवेट स्कूलों की तरह हर प्रकार की बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित नहीं करना चाहिए?क्या बड़े -बड़े प्राइवेट स्कूलों में प्रचलित प्राइवेट प्रकाशकों की पाठ्य पुस्तकों की कीमतें ग़रीब परिवारों की पहुँच में हैं?इस सवाल पर भी आज विचार होना चाहिए।
बहरहाल, आज हम देश के प्रथम शिक्षा मंत्री अबुल कलाम साहब की जीवन यात्रा के कुछ महत्वपूर्ण पड़ावों को याद करें । मौलाना अबुल कलाम आज़ाद महान देशभक्त , स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी , शिक्षविद् ,पत्रकार, समाज सुधारक और ओजस्वी वक्ता थे । वह मूलतः बंगाल के रहने वाले थे । उनका जन्म 11 नवम्बर 1888 को मक्का ( सऊदी अरब) में और निधन लगभग 70 साल की उम्र में 22 फ़रवरी 1958 को नई दिल्ली में हुआ । केन्द्र सरकार ने उन्हें भारत रत्न अलंकरण से नवाज़ा । उन्होंने भारत विभाजन का जोरदार विरोध किया था ,लेकिन प्रारब्ध को कुछ और ही मंजूर था ! उन्होंने 1912 में उर्दू साप्ताहिक अल - हिलाल का प्रकाशन और सम्पादन शुरू किया । उस दौर में इस अख़बार की 26 हजार प्रतियाँ बिकती थी ।अंग्रेज हुकूमत के ख़िलाफ़ लेखन की वजह से हुकूमत ने उन्हें बंगाल से बाहर निकाल दिया । फिर उन्होंने एक नया साप्ताहिक अखबार ' अल बलघ' शुरू किया ,लेकिन वर्ष 1916 में अंग्रेज सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया । वह चार साल तक रांची जेल में रहे । रिहा होने के बाद महात्मा गांधी और अन्य कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के साथ वह भी लम्बे समय तक आज़ादी के आंदोलन में सक्रिय रहे । अबुल कलाम साहब ने कुरान शरीफ़ का अरबी से उर्दू अनुवाद किया । वर्ष 1977 में साहित्य अकादमी ने छह संस्करणों में इसे प्रकाशित किया । उनकी प्रसिद्ध पुस्तकों में ' इंडिया विन्स फ्रीडम ' विशेष रूप से उल्लेखनीय है । भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाक टिकट भी जारी किया था ।
- स्वराज्य करुण

No comments:
Post a Comment