Sunday, April 30, 2023

(आलेख) सरहदों के मिलन -बिंदु पर आकर

(आलेख :  स्वराज्य करुण  )

जहाँ कुछ ही कदमों के फासले पर बदल जाती हैं संस्कृतियाँ ,भाषाएँ  और बोलियाँ ,वहाँ  इस बदलाव को देखना और महसूस करना क्या आपको  रोमांचक नहीं  लगता ? मुझे तो लगता है। देश के भीतर ऐसे कई सीमावर्ती  मिलन -बिंदु हैं ,जहाँ आकर हम और आप स्वयं को रोमांचित महसूस कर सकते हैं ,जहाँ  हमें अपने भारत की सांस्कृतिक विविधता के भी  कई रंग देखने को मिलते हैं।  

    ऐसा ही रोमांच हमें  पड़ोसी देशों से लगी हमारी अंतर्राष्ट्रीय  सीमाओं पर भी होता है , लेकिन मैं जिनकी चर्चा कर रहा हूँ ,वो हमारी आंतरिक (घरेलू ) सरहदें हैं। हालांकि  अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर कई तरह की सख़्त बंदिशें भी होती हैं ,लेकिन देश के अंदर राज्यों के बीच  अंतर्राज्यीय सरहदों पर  सब कुछ सहज भाव से चलता  है ,क्योंकि इन सरहदों के इधर -उधर  रहने के बावज़ूद हम सब एक हैं, एक ही देश के निवासी हैं । पिछले साल इन्हीं गर्मियों में उधर से गुजरते हुए  अपने मोबाइल कैमरे से  मैंने ये दृश्य संकलित कर लिए।  इन तस्वीरों में  नज़र आ रहे दो सरकारी बोर्ड हमारे देश के दो प्रदेशों  की सरहदों के मिलन बिंदुओं  के सूचक हैं। नीले रंग का बोर्ड ओड़िशा के लोक निर्माण विभाग का है और पीले कलर का बोर्ड छत्तीसगढ़ सरकार के लोक निर्माण विभाग का । दोनों बोर्डों के बीच कुछ ही कदम पैदल  चलकर हम एक -दूसरे के राज्यों में आ -जा सकते हैं। इन चंद कदमों के फासले पर ही काफी कुछ बदल जाता है। बच्चों की स्कूली पढ़ाई की भाषा बदल जाती है , शासन -प्रशासन बदल जाता है। सामाजिक -सांस्कृतिक  राजनीतिक और प्रशासनिक  गतिविधियाँ बदल जाती हैं।


                                             



बोलचाल के लिए उधर  छत्तीसगढ़ मे छत्तीसगढ़ी और हिन्दी का चलन है  और इधर ओड़िशा के इलाके में ओड़िया भाषा और सम्बलपुरी बोली। हालांकि एक दूसरे के  इलाकों में स्थानीय लोग एक -दूसरे की भाषाओं और बोलियों के भी अभ्यस्त हैं। इन भाषाओं और बोलियों में एक -दूसरे के यहाँ लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी समय -समय पर ख़ूब होते हैं। काम -काज के सिलसिले में एक -दूसरे के यहाँ आना -जाना भी हमेशा लगा ही रहता है। (स्वराज्य करुण ) यह स्थान छत्तीसगढ़ के तहसील मुख्यालय बसना (जिला -महासमुंद) से मात्र साढ़े तेरह किलोमीटर पर ओंग नदी के किनारे है। इधर से गुजरने वाली  सड़क बसना (छत्तीसगढ़ )से  ओड़िशा के सबडिविजनल मुख्यालय पद्मपुर की दिशा में जा रही है ,जो बसना से लगभग  40 किलोमीटर पर है। इस पुल से छत्तीसगढ़ के विकासखंड मुख्यालय बसना की दूरी मात्र साढ़े तेरह किलोमीटर है। कभी -कभी मुझे लगता है कि इस नदी का नाम 'ओम नदी'  या 'अंग नदी'  रहा होगा और शायद  समय के साथ आंचलिक उच्चारण के असर से जन -जीवन में इसका नाम 'ओंग' प्रचलित हो गया। पिछले साल जब मैं उस रास्ते से गुज़र रहा था ,तो वहाँ  छत्तीसगढ़ की तरफ की सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया जा रहा था। । उधर ओड़िशा की तरफ कुछ वर्ष पहले ओंग नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण हो चुका है और आगे के  लगभग 26 किलोमीटर के रास्ते का चौड़ीकरण और डामरीकरण भी। इस रास्ते पर ओंग नदी का पुल पार करने के बाद आपको जगदलपुर भी मिलेगा , लेकिन वह  छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले का मुख्यालय जगदलपुर नहीं ,ओड़िशा का एक कस्बा है। इसके  आस - पास है  पहाड़ियों का  सुरम्य नैसर्गिक परिवेश । 

      दोनों सरहदों के मिलन -बिंदु के इर्द-गिर्द   कुछ पेड़ आम के भी हैं ,जो इन दिनों गर्मियों में फलों से लदे हुए नज़र आते है। फल अभी पके नहीं हैं। राहगीर कुछ फल चटनी और अचार बनाने के लिए तोड़ भी लें तो यहाँ कोई रोक -टोक नहीं है । यानी लगता है कि ये सार्वजनिक पेड़ हैं। अच्छा भी है। पहले ज़माने में राजा -महाराजा लोग जनता के लिए और कुछ करें या न करें ,लेकिन  सड़कों के किनारे फलदार पौधे जरूर लगवाते थे , जो बड़े होकर राहगीरों को छाया और स्वादिष्ट फल  मुफ़्त में दिया करते थे। ये पेड़ उनके लगवाए हुए हैं या  नहीं ,ये तो मुझे नहीं मालूम ,लेकिन जिन्होंने भी लगवाए होंगे , उनके इस परोपकार की प्रशंसा तो करनी ही चाहिए। उनसे प्रेरणा भी लेनी चाहिए।

    आलेख      -- स्वराज्य करुण 

  

(आलेख) जल -जीवन के साथ सूखने लगा जन -जीवन

(आलेख : स्वराज्य करुण  )

हमारी संस्कृति और हमारे जन -जीवन से जुड़ी नदियाँ पहले बारहमासी हुआ करती थीं ,अब उनमें से अधिकांश ' बरसाती नदियाँ ' कहलाने लगी हैं। ठीक भी है। बारहों महीने तो उनमें पानी नहीं रहता ।  आजकल उनके जल में जीवन की कुछ हलचल सिर्फ़ बरसात के दिनों में ही  नज़र आती है। पहले नदियों में नौकाओं के जरिए यातायात और माल परिवहन भी होता था । देश के भीतर  जल मार्ग से व्यापार व्यवसाय होने की जानकारी भी  इतिहास में मिलती है । कई नदियों के किनारे पुरातत्वविदों को उत्खनन में प्राचीन बंदरगाहों के अवशेष भी मिले हैं। 

    पहाड़ों की संतान हैं उनकी गोद से निकलने वाले नदी -नाले। लेकिन विगत सैकड़ों वर्षों से मानव के हाथों से हो रहे प्राकृतिक संसाधनों के असंतुलित और निर्मम दोहन की वजह से पहाड़ उजड़ने लगे और  नदियाँ भी सूखने लगीं ,पहाड़ों से निकलकर नदियों से मिलने वाले झरने भी सूखने लगे और जल मार्ग विलुप्त हो गए। यह सिलसिला आज भी जारी है। नदियों के साथ - साथ कई प्राकृतिक बरसाती नाले भी सूखकर बेजान होते जा रहे हैं। जब हमारी प्राकृतिक जल -धाराएँ सूखने लगीं तो धरती पर हमारा 'जन - जीवन 'भी इस समस्या से अछूता कैसे रह सकता है ?लिहाजा जल -जीवन के साथ जन -जीवन भी सूखने लगा । 


                                                    


                                   ( दृश्य  - पश्चिम ओड़िशा के ओंग नदी का , पिछले साल गर्मी के मौसम में ) 


     खेती के लिए पानी और सिंचाई भी जरूरी है। बिजली और  पेयजल के लिए भी पानी का बारहमासी स्रोत चाहिए। इसलिए नदियों पर छोटे-  बड़े बांधों के जरिए उनका पानी रोका जाने लगा तो उनकी  जल धाराएँ आगे नहीं बढ़ पायीं और आगे चलकर नदियाँ सूखने लगीं । बरसाती नाले भी।  मानव बसाहटों का कचरा नदी -नालों में डाला जाने लगा। ये प्राकृतिक जल स्रोत प्रदूषण का शिकार होने लगे।

     बड़े -बड़े उद्योगों को चलाने के लिए विशालकाय पाइप लाइनों के जरिए नदियों का  पानी सोखा जाने लगा। भू -जल का भी निर्मम शोषण होने लगा। हालांकि मानव जीवन के लिए तरह -तरह के उद्योग भी जरूरी हैं ,लेकिन उनमें पानी के  इस्तेमाल के लिए क्या कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो सकती ? वाटर रिचार्जिंग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सहज -सरल तकनीक  शायद उनके लिए विकल्प बन सकती है। उनके लिए ही क्यों , आम जनता के लिए भी यह बहुत उपयोगी है। अब तो कई राज्यों में सरकारी और निजी भवन और  मकान बनाने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की तकनीक अनिवार्य कर दी गयी है।बरसात में छत पर जमा होने वाले पानी को पाइपों के माध्यम से ज़मीन के भीतर भेजकर इमारतों के आस -पास के गिरते हुए भू -जल स्तर को संभाला जा सकता है। बहुमूल्य  खनिज, वन और जल -सम्पदा के रूप में हम इंसान  प्रकृति से बहुत कुछ लेते हैं ,लेकिन जितना उससे लेते हैं ,उसके बदले हम उसे क्या और कितना देते हैं ? इस पर भी हमें विचार करना चाहिए ।

      भारत में नदियों को माता कहकर सम्बोधित किया जाता है ,क्योंकि वे अपने अमृत तुल्य पानी से मनुष्य का लालन -पालन करती हैं। लेकिन देश के कई शहरी इलाकों में नदियों के  इस  'अमृत जल ' को उनके बेटे -बेटियों  ने ही  विषैला बना दिया है। गंगा और यमुना के किनारे बसे कई शहरों से इस प्रकार के चिन्ताजनक सचित्र समाचार गाहेबगाहे आते रहते हैं। यह जरूर है कि नये दौर में वाटर ट्रीटमेंट तकनीक के जरिए हम नदियों के  प्रदूषित ,जहरीले पानी को भी साफ़ करके पीने योग्य बना रहे हैं। लेकिन यह तो कृत्रिम उपाय है। (स्वराज्य करुण) कृत्रिमता कभी  नैसर्गिकता का विकल्प नहीं बन सकती।  अगर जीवन को स्वस्थ रखना है तो नदी -नालों को भी स्वच्छ रखना होगा । उनकी गोद में कचरा डालना बंद करना होगा। उनके किनारों पर और उनके उदगम पहाड़ों पर  सघन वृक्षारोपण करना होगा। वर्तमान में प्राकृतिक वनों का असंतुलित दोहन भी नदी -नालों के सूखते जाने का एक बड़ा कारण है। नदी -नालों के किनारे बसे  कई गाँवों ,कस्बों और शहरों में ग्रीष्म ऋतु में पानी के लिए हाहाकार क्यों मचता है ,जबकि पानी का नैसर्गिक स्रोत तो उनके नज़दीक ही होता है ? इसके कई कारण हो सकते हैं।

   बाकी तो बड़े -बड़े विशेषज्ञ ही बताएंगे कि इस गंभीर समस्या के निराकरण के क्या -क्या उपाय हो सकते हैं ?   पिछले साल इन्हीं गर्मियों के दिनों में ओड़िशा में ओंग नदी के पुल से गुजरते हुए गर्मियों में सूखी इस  नदी की हालत को देखकर मन में ऐसे कई विचार आए  ,जिन्हें मैंने तस्वीरों सहित आप सबके चिन्तन-मनन के लिए  यहाँ प्रस्तुत  किया। 

आलेख : स्वराज्य  करुण

Friday, April 28, 2023

उत्कल गौरव मधुसूदन दास ; ओड़िशा राज्य के प्रथम स्वप्न दृष्टा

 

          (आलेख - स्वराज्य  करुण  )

  छत्तीसगढ़ , झारखण्ड और बंगाल के निकटतम पड़ोसी उत्कलवासी आज 28 अप्रैल को आधुनिक ओड़िशा राज्य के प्रथम स्वप्नदृष्टा  स्वर्गीय मधुसूदन दास को उनकी जयंती के दिन ज़रूर याद कर रहे होंगे । उन्होंने आज से लगभग 120 साल पहले अलग ओड़िशा राज्य का सपना देखा था और जनता को इसके लिए प्रेरित और संगठित किया था। 


                 


 ओड़िशा के समाचार पत्रों , ओड़िशा के टीव्ही चैनलों और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों में भी आज लोग अलग -अलग तरीके से लोग उनके व्यक्ति और कृतित्व की चर्चा कर रहे होंगे। उत्कलवासियों ने उन्हें  'उत्कल गौरव 'का लोकप्रिय और आत्मीय सम्बोधन दिया । वह आज भी इसी सम्बोधन से याद किये जाते हैं । भारत सरकार ने उनके सम्मान में डाकटिकट भी जारी किया था  ।वह बैरिस्टर (वकील ) होने के साथ -साथ विद्वान लेखक , चिन्तक और ओड़िया भाषा के लोकप्रिय साहित्यकार भी थे । उनका जन्मदिन ओड़िशा में 'वकील दिवस ' के रूप में भी मनाया जाता है ।

    स्वर्गीय मधुसूदन दास का जन्म 28 अप्रेल 1848 को तत्कालीन ब्रिटिश प्रशासित बंगाल प्रेसीडेंसी के अंतर्गत उत्कल क्षेत्र के ग्राम सत्यभामापुर (जिला -कटक) में हुआ था । उनका  निधन 4 फरवरी 1934 को कटक में हुआ । उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से एम .ए .और वकालत की शिक्षा प्राप्त की थी । स्वतंत्रता आंदोलन में उन्होंने महत्वपूर्ण  योगदान दिया । वह पहले ऐसे प्रबुद्ध नागरिक थे ,जिन्होंने सबसे पहले एक अलग ओड़िशा राज्य की परिकल्पना की और इसके लिए लोगों को संगठित कर वर्ष 1903 में उत्कल सम्मिलनी की स्थापना की और इस  मंच के माध्यम से  लगातार जन जागरण का अभियान चलाया । सितम्बर 1897 में उन्होंने ब्रिटेन जाकर लंदन में   ब्रिटिश सरकार के सामने पृथक ओड़िशा राज्य की मांग रखी ।वह 1907 में एक बार फिर लंदन गए और ओड़िशा वासियों की समस्याओं और भावनाओं की ओर  ब्रिटिश सरकार का ध्यान आकर्षित किया । उत्कल सम्मिलनी के माध्यम से ओड़िशा राज्य निर्माण के लिए उनके नेतृत्व में जन जागरण के साथ -साथ जन आंदोलन भी चलता रहा ।

लेकिन  यह विडम्बना ही है कि ओड़िशा राज्य निर्माण का उनका सपना  उनके जीवनकाल में पूरा नहीं हो पाया । विधि का विधान देखिए कि ओड़िशा राज्य निर्माण के करीब 2 साल पहले ही 4 फरवरी 1934 को लगभग  86 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया  । ओड़िशा राज्य एक अप्रैल 1936 को अस्तित्व में आया ।  

       -स्वराज्य  करुण

आइए ,कुछ पल निकालकर करें वृक्ष-चिन्तन

 


(आलेख ; स्वराज्य करुण )

गर्मियों की तेज ,चिलचिलाती धूप में  राह चलते इंसान को कुछ पलों के सुकून के लिए शीतल छाँव की ज़रूरत होती है।  सड़कों के किनारे लगे नीम ,बरगद ,पीपल और कई अन्य छायादार पेड़ इंसान को निःशुल्क शीतलता प्रदान करते हैं। आम जैसे कई फलदार वृक्ष स्वादिष्ट फलों के साथ ठंडी छाँव भी देते हैं। पीपल का तो कहना ही क्या ?

   भारतीय संस्कृति का पूजनीय वृक्ष है पीपल । वैसे तो हमारी संस्कृति में बरगद ,आम ,आंवला  और बेल सहित  सभी वृक्ष पूजनीय हैं ,क्योंकि ये  हमारी  धरती पर  हर प्रकार से  प्राणी जगत की सेवा करते हैं ,हमें जीवित रहने के लिए बिना किसी भेदभाव के ,हर दिन भरपूर ऑक्सीजन देते हैं। अन्य प्रजातियों के वृक्षों की तरह यह भी पर्यावरण -हितैषी पेड़ है।    पीपल के बारे में कहा जाता है कि यह चौबीसों घंटे ऑक्सीजन देने वाला वृक्ष है। यह कहीं भी और कठोर भूमि पर भी उग सकता है। इसलिए आज के समय में उजड़ते पहाड़ों पर भी इसे उगाने की संभावनाओं पर हमें विचार करना चाहिए। परन्तु  अपने आस -पास देखें तो पता चलेगा कि यह तेजी से विलुप्त हो रहा है । पहले तो पीपल के पेड़ तालाबों के किनारे भी दिख जाते थे। नदी  -नालों के दोनों  किनारे भी तरह -तरह के सघन वृक्षों से सजे होते थे । लेकिन अब वो बात कहाँ ?  ऐसे में बचपन के दिनों में  अपनी स्कूली किताब 'बालभारती' में पढ़ी कविता की याद आती है --

यह कदम्ब का पेड़ अगर माँ होता यमुना तीरे

मैं भी उस पर बैठ कन्हैया बनता धीरे -धीरे। 

पीपल सहित सभी  प्रजातियों के पेड़ --पौधों को बचाना और उनकी संख्या बढ़ाना हमारी ज़िम्मेदारी है। लेकिन आज आधुनिकता की सुनामी में  तूफ़ानी रफ़्तार से हो रहे  शहरीकरण  की वजह से वृक्षों के अस्तित्व पर संकट के घने बादल मंडरा रहे हैं। मनुष्यों की आबादी बढ़ रही है और वृक्षों की घट रही है। फिर भी मनुष्य अगर चाहे तो अपने जीवन में पेड़ -पौधों के लिए भी पर्याप्त जगह छोड़  सकता है।  -- स्वराज्य  करुण

Wednesday, April 26, 2023

(आलेख) आजकल ऐसी फिल्में क्यों नहीं बनतीं?

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित एक फ़िल्म को याद करते हुए मन में उठा सवाल )

        (आलेख -स्वराज करुण)
अच्छा ,आप लोग जरा ये बताइए , आजकल  ऐसी फिल्में  क्यों नहीं बनतीं ,जो हमारे समाज की ज्वलंत समस्याओं को लेकर दर्शकों की चेतना को झकझोरती हों ,उन्हें सोचने के लिए मज़बूर करती हों? फिल्में मनोरंजन का माध्यम जरूर हैं लेकिन उनमें समाज के लिए कोई स्वस्थ और सार्थक संदेश भी तो होना चाहिए।
  क्या सचमुच हमारा समाज बदल गया है ?क्या ज़ुल्म और लूट का रिवाज़ बदल गया है ? अगर नहीं तो क्या फिर आजकल ऐसी फिल्मों और ऐसे गीतों की जरूरत नहीं है ,जिनमें तरह -तरह के ज़ुल्म-ओ-सितम से घिरे मनुष्य की मुक्ति और समाज में एक बेहतर बदलाव की चाहत हो ?
    अगर ऐसी फिल्में नहीं आ रही हैं तो उन  पुरानी फिल्मों के ऐसे गीत भी तो अब रेडियो और टीव्ही पर सुनने -देखने को नहीं मिल रहे हैं। शायद आज की समाज -व्यवस्था को ऐसे गीत बर्दाश्त नहीं होते। लेकिन पहले ऐसा नहीं था। व्यवस्था की विसंगतियों पर प्रहार करने वाली फिल्में भी आती थीं और उनमें ऐसे गाने भी होते थे ,जो रेडियो पर भी फ़रमाइशी कार्यक्रमों में प्रसारित भी होते थे ।

                                               


        
    उदाहरण के लिए वर्ष 1970 में आई फ़िल्म 'समाज को बदल डालो' को याद कीजिए । इस फ़िल्म का  शीर्षक ही अपने -आप में एक बड़ा सन्देश लिए हुए है। लोकप्रिय शायर साहिर लुधियानवी के लिखे इस गीत को सुप्रसिद्ध संगीतकार रवि (रविशंकर शर्मा)के संगीत निर्देशन में लोकप्रिय मोहम्मद रफ़ी ने अपनी आवाज़ दी थी।
फ़िल्म में  अजय साहनी ,शारदा ,प्रेम चोपड़ा, प्राण ,  अरुणा ईरानी ,महमूद  और कन्हैयालाल सहित  सहित कई बड़े कलाकारों ने  बेहतरीन अभिनय किया था। जेमिनी पिक्चर्स द्वारा निर्मित यह फ़िल्म राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित की गयी है । बहरहाल आप इस फ़िल्म के शीर्षक गीत को पढ़िए ,यूट्यूब के लिंक को क्लिक करके  सुनिए और मनन कीजिए कि आजकल ऐसे फ़िल्मी गाने समाज से गायब क्यों हैं ?-
https://www.facebook.com/Brij1206/videos/10203763381107017/

समाज को बदल डालो
समाज को बदल डालो
समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो

कितने घर हैं जिनमे आज रौशनी नहीं
कितने घर हैं जिनमे आज रौशनी नहीं
कितने तन बदन हैं जिनमे ज़िन्दगी नहीं

मुल्क  और कौम के मिज़ाज़  को बदल डालो
मुल्क  और कौम के मिज़ाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो

सैकड़ों  की मेहनतों पर एक क्यूँ पले
सैकड़ों  की मेहनतों  पर एक क्यूँ पले
ऊँच नीच से भरा निज़ाम  क्यूँ चले
आज है यही तो ऐसे आज को बदल डालो
आज है यही तो ऐसे आज को बदल डालो

समाज को बदल डालो
जुल्म और लूट के रिवाज़  को बदल डालो
समाज को बदल डालो.

     **********

Sunday, April 23, 2023

(आलेख ) गायब होती पुस्तक -संस्कृति ...!

 विश्व पुस्तक दिवस के मौके पर  चिन्ता और चिन्तन 

     (आलेख -स्वराज करुण   )

       *******************

पुस्तकें तो बहुत छप रही हैं ,लेकिन पढ़ने वालों की संख्या कम होती जा रही है। अन्य देशों का तो नहीं मालूम लेकिन हमारे देश में अपने आस-पास नज़र दौड़ाएँ तो आम तौर पर ऐसा ही माहौल मिलेगा। वैज्ञानिक आविष्कारों को तो नहीं रोका जा सकता ,लेकिन यह एक ज़मीनी सच्चाई है कि सूचना क्रांति के इस दौर में इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो ने लोगों में भौतिक रूप से पुस्तक पढ़ने की आदत को लगभग ख़त्म कर दिया है।  यह एक बड़ा विरोधाभास है कि आज विश्व पुस्तक दिवस के मौके पर मैं भी यहाँ इस गंभीर समस्या की चर्चा  सोशल मीडिया के इस  प्लेटफॉर्म पर ही  कर रहा हूँ।


   


                                              

हालांकि किसी भी पुस्तक को कम्प्यूटर के स्क्रीन पर आंखें गड़ा कर पढ़ने  और छपी हुई पुस्तक को सामने रखकर पढ़ने में अनुभवों का बहुत अंतर होता है। कम्प्यूटर या मोबाइल फोन के स्क्रीन पर किताबें पढ़ना , समाचारों और विचारों को पढ़ना आसान जरूर है ,लेकिन प्रकाशित सामग्री को  (कम्प्यूटर की भाषा में कहें तो ) हार्ड कॉपी के रूप में पढ़ने में है ,वह चमकीले स्क्रीन पर नहीं। साहित्यिक पुस्तकों की बात करें तो अपनी नज़रों के सामने किसी उपन्यास ,किसी कहानी संग्रह ,कविता संग्रह ,यात्रा वृत्तांत , निबंध संग्रह को देखकर पढ़ने में जो अनुभव होता है , वह कम्प्यूटर के चमकदार पर्दे पर पढ़ने में कहाँ? फिर भी अधिकांश लोग  केवल इंटरनेट पर ऑन लाइन पुस्तकें पढ़ते हैं। विशेष रूप से स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थियों में ऑन लाइन पढ़ने की अभिरुचि देखी जाती है।अकादमिक विषयों की कई पुस्तकें महँगी होने और अनुपलब्ध होने की वजह से शायद ऑन लाइन पढ़ना उनके लिए ज्यादा आसान होता है।लेकिन इधर साहित्यिक बिरादरी  के लिए यह एक गंभीर चिन्ता ,चिन्तन और चुनौती का विषय है कि हमारे समाज में  पुस्तक संस्कृति तेजी से  गायब  हो रही है। मैंने सुना है कि केरल और बंगाल जैसे राज्यों में पुस्तक -संस्कृति आज भी जीवित है। वहाँ के साहित्यिक -सांस्कृतिक अभिरुचि सम्पन्न लोग विवाहोत्सव  और जन्मोत्सव जैसे शुभ अवसरों पर उपहार में अच्छी पुस्तकें भेंट करते हैं। यह एक अच्छी परम्परा है। ऐसा अन्य राज्यों में भी होना चाहिए। स्कूल -कॉलेजों में होने वाली विभिन्न साहित्यिक -सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार के रूप में  अच्छी पुस्तकें दी जानी चाहिए। इससे हमारे देश और समाज में पुस्तक -संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

  संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक ,वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा विश्व पुस्तक दिवस वर्ष 1995 से मनाया जा रहा है।  स्कूल -कॉलेजों की पुस्तकों के अलावा भी अपनी रुचि के अनुसार हर दिन नहीं तो हर सप्ताह ,हर सप्ताह नहीं तो हर महीने कला -संस्कृति ,ज्ञान -विज्ञान ,कविता ,कहानी ,उपन्यास आदि में से किसी भी विषय और किसी भी विधा की कम से कम एक पुस्तक हमें जरूर पढ़नी  चाहिए। दुनिया में लाखों - करोड़ों लेखक हैं और उनकी लिखी लाखों -करोड़ों पुस्तकें ।  उनमें से पढ़ने लायक पुस्तकों का चयन भी आज  एक बड़ी चुनौती है।

       कम्प्यूटर तकनीक पर आधारित सोशल मीडिया के इस दौर में आज हर मनुष्य को अभिव्यक्ति का एक सर्वसुलभ मंच मिला है। ऐसे में समाज के सामने  अपने विचार रखना बहुत आसान हो गया है।  कई मायनों में यह अच्छा भी है और कई मायनों में बुरा भी। बुरा इसलिए कि इसके अपने खतरे भी हैं। यह माध्यम कई बार भ्रामक जानकारी भी फैलाता है। पढ़ने वाले को उस पर आ रहे संदेशों को पढ़ते समय अपने दिमाग का भी इस्तेमाल करना चाहिए। उन संदेशों को आँख मूंदकर सच नहीं मान लेना चाहिए।  सोशल मीडिया में तो जाने -अनजाने आज हर मनुष्य लेखक और पत्रकार की भूमिका में है। लेकिन क्या लिखना है ,क्यों लिखना है ,किसके लिए लिखना है ,इसका ध्यान कम ही लोग रख पाते हैं। कम्प्यूटर टेक्नोलॉजी के इस दौर में लेखकों की आबादी और  उनकी पुस्तकों की संख्या भी बढ़ती जा रही है,वहीं ऐसा लगता है कि पाठकों की जनसंख्या लगातार कम से कम होती जा रही है ।  दुनिया में आज समाचार पत्र -पत्रिकाओं की संख्या और उनमें लिखने वालों की संख्या भी बढ़ी है ,पर उन्हें गंभीरता से और स्वविवेक -बुद्धि से पढ़ने वाले कितने हैं ,यह व्यापक सर्वेक्षण और शोध  का विषय है। फिर भी सरसरी तौर पर देखें तो निराशा होती है। 

पुस्तकालयों और वाचनालयों की हालत भी आम तौर पर निराशाजनक है। अब अधिकांश पाठक सिर्फ़ फेसबुक और वाट्सएप यूनिवर्सिटियों के छात्र हो गए हैं। वे अपने अधजल गगरी वाले प्रोफेसरों के अनुयायी बन जाते हैं।।उन्हें सोशल मीडिया के इन मंचों के बाहर की दुनिया से कोई मतलब नहीं। वे लिखना ख़ूब चाहते हैं ,मोबाइल पर लिखते भी रहते हैं,लेकिन उनमें से अधिकांश में भाषाओं  और तथ्यों के  सामान्य ज्ञान की कमी भी दिखाई देती है। उनमें वैचारिक संकट भी दिखाई पड़ता है। सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर भ्रामक सूचनाओं से प्रभावित होकर लोग आनन -फानन में अपनी धारणाएँ बना लेते हैं और तथ्यों की पुष्टि किए बिना कई बार अफवाहें फैलाने का माध्यम बन जाते हैं।

फेसबुक और वाट्सएप विश्वविद्यालयों के ऐसे स्वनामधन्य छात्रों और उनके स्वनामधन्य प्रोफेसरों को  सोशल मीडिया के अलावा उसके बाहर के समाज में उपलब्ध पुस्तकों पर भी ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।लेकिन पुस्तकों के प्रति उनकी घटती अभिरुचि  चिन्ता का विषय है। एक दिक्कत यह भी है कि आज के अधिकांश कवि और  लेखक स्वयं के लिखे हुए या छपे हुए के अलावा दूसरों का लिखा /छपा पढ़ते ही नहीं। । यहाँ तक कि पत्र -पत्रिकाओं में छपी अपनी छोड़कर दूसरों की रचनाओं को पढ़ना भी वे उचित नहीं समझते। विद्वानों का कहना है कि अगर आप लेखक बनना चाहते हैं या लेखक ,कवि हैं तो दूसरों की लिखी पुस्तकों को भी अवश्य पढ़ें ,क्योंकि अच्छा पढ़े बिना कुछ भी अच्छा नहीं लिखा जा सकता । 

     हम साहित्यिक पुस्तकें जरूर पढ़ें लेकिन सिर्फ पाठक के रूप में नहीं ,बल्कि नीर - क्षीर विवेक के साथ समीक्षात्मक दृष्टि से भी। हर पाठक को एक समीक्षक भी होना चाहिए।  पुस्तकों में उन्हें क्या अच्छा लगा ,क्यों अच्छा लगा , क्या ठीक नहीं लगा ,क्यों ठीक नहीं लगा , पढ़ने के बाद इस पर भी उन्हें विचार करना चाहिए।  जरूरी नहीं कि आप किसी पुस्तक की समीक्षा लिखें ,लेकिन एक सजग पाठक के रूप में उनके पन्नों पर आपको समीक्षक जैसी दृष्टि जरूर दौड़ानी चाहिए । बहरहाल , आप सभी को विश्व पुस्तक दिवस की हार्दिक बधाई।

   आलेख -- स्वराज करुण

Saturday, April 22, 2023

(आलेख) कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन ...!

 (आलेख -स्वराज करुण )

 आज तीव्र गति से हो रहे शहरीकरण के इस दौर में खेतों में भी मकान बनने लगे हैं  और अमराइयाँ विलुप्त हो रही हैं। उनके साथ -साथ कोयल जैसे पंछी और उनकी मधुर कुहूक भी अब लगभग सुनने को नहीं मिलती।

  सबको शीतल छाया और स्वादिष्ट आमों की सौगात देने वाले आम के वृक्षों पर भी पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है! अमराइयों के साथ -साथ स्वादिष्ट फल देने वाले और भी कई मूल्यवान वृक्ष भी अदृश्य होते जा रहे हैं।आज 22 अप्रैल को  विश्व पृथ्वी  दिवस के मौके पर हमें याद रखना चाहिए भारत जैसे देशों में अमराइयों का दिनों -दिन गायब होते जाना हमारी पृथ्वी  के लिए एक बड़ा खतरा है!

                                                



 शहरों में रहने वाले और शहरी वातावरण में पले -बढ़े अधिकांश बच्चे आज यह नहीं जानते कि अमराई क्या है ? गलती उनकी भी नहीं है। जब उन्होंने कभी अमराई देखी ही नहीं ,तो फिर कैसे बता पाएँगे ?शायद तस्वीर दिखाकर ही उन्हें बताया जा सकता है कि देखो ,इसे कहते हैं अमराई!  किसी यात्रा के दौरान अगर दूर कहीं कोई रही -सही अमराई दिख जाए तो हमें अपना बचपन याद आ ही जाता है। आँखों में तैरने लगते हैं उन दिनों के दृश्य ,जब गर्मियों में हममें से अधिकांश की दोपहरी अमराइयों की सुकून देने वाली छाँव में गुजरा करती थी। काश !  कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन! तब हॄदय अनायास कह उठता है --

ले चल मुझको किसी गाँव में ,

अमराई की घनी छाँव में ! 

-स्वराज करुण

(आलेख) आइए ,हम सब मिलकर बचाएँ अपनी ख़ूबसूरत पृथ्वी को

 

            आज विश्व पृथ्वी दिवस पर एक चिन्तन 

                   (आलेख -स्वराज करुण )


क्या आप और हम चाहते हैं कि हमारी यह ख़ूबसूरत पृथ्वी सुरक्षित रहे ,जिस पर हम सबकी दुनिया बसती है ? तो फिर आज विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर ऐसे कई सवालों के  जवाब तलाशने  का दिन है । सोचने -विचारने का दिन है कि हम पृथ्वी लोक के मनुष्य हमारी इस खूबसूरत पृथ्वी को विनाश की दिशा में ढकेलना आख़िर कब  बन्द करेंगे?

अपनी धरती को युद्ध ,हिंसा और प्रतिहिंसा की आग से कैसे बचाएँगे?  हमारी दुनिया को धार्मिक कट्टरता और नफरतों की ज़हरीली हवाओं से कैसे सुरक्षित रख पाएंगे?     हमें याद रखना चाहिए कि  असीम विस्तार वाले इस विशाल ब्रम्हांड के तमाम ग्रहों और उपग्रहों के बीच अब तक पृथ्वी के सिवाय और कहीं भी मानव जीवन के संकेत नहीं मिले हैं। इसलिए भी यह  पृथ्वी  हमारी अनमोल धरोहर है। इसे बहुत नज़ाकत से  संभाल कर रखना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। लेकिन विगत एक शताब्दी में हम पृथ्वी माता की संतानों ने दो -दो विश्व युद्धों से उसके विनाश का  त्रासद और काला इतिहास  लिख डाला है । अब विगत एक वर्ष से यूक्रेन जैसे छोटे -से देश पर जारी निर्मम और विनाशकारी रूसी हमलों ने तीसरे विश्वयुद्ध  का ख़तरा बढ़ा दिया है। सम्पूर्ण ब्रम्हांड में हमारी पृथ्वी ही एक मात्र ऐसी जगह है ,जहाँ मानव और तरह तरह -तरह के सुंदर जीव -जंतुओं का निवास है।


                               



 नैसर्गिक धन -धान्य से परिपूर्ण हमारी पृथ्वी माता हमें क्या -क्या नहीं देती ? अपने हरे -भरे  जंगलों की स्वच्छ हवा और जीवन रक्षक  वनौषधियाँ ,  हमारी प्यास बुझाने के लिए वनाच्छादित पर्वतों से निकलकर बहते रुपहले झरनों और  नदियों -नालों का अमृत तुल्य पानी हमारे लिए पृथ्वी माता का वरदान हैं। सोना ,चाँदी ,लोहा ,ताम्बा और कोयले की अनमोल खनिज सम्पदा वह अपने गर्भ से हम पर लुटा देती है। लेकिन उसकी  संतान के रूप में उसके इन बहुमूल्य उपकारों के बदले हम इंसान  उसे दे क्या रहे हैं ?महात्मा गांधी कहते  थे -- "पृथ्वी इंसानों की हर ज़रूरत को पूरा कर सकती है ,लेकिन वह इंसानों की लालच को पूरा नहीं कर सकती।'   उन्होंने धरती माता की अनमोल और अपार सम्पदा के प्रति  मनुष्य के बेहिसाब प्रलोभन को देखकर  कभी यह टिप्पणी की थी ,जो आज भी प्रासंगिक है। 

  यह कैसी विडम्बना है कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में हमने पृथ्वी माता को सोने का अंडा देने वाली मुर्गी समझ लिया है और स्वर्ण सम्पदा के लोभ में उसके शरीर को ही बेरहमी से चीरते जा रहे हैं। जल ,जंगल और ज़मीन अब हमारे लिए पृथ्वी माता  का वरदान नहीं ,बल्कि सिर्फ़ और सिर्फ़ दौलत कमाने का औजार रह गए हैं। विनाशकारी परमाणु हथियारों का परीक्षण करने वाले देश  पृथ्वी माता को तबाही का ख़तरनाक पैगाम दे रहे हैं। हवा में और महासागरों में किए जाने वाले परमाणु परीक्षण क्या पृथ्वी के पर्यावरण को प्रदूषित नहीं कर रहे हैं ?  

    अमेरिकी सिनेटर जेराल्ड नेल्सन ने वर्ष 1969 में विस्कॉन्सिन में आयोजित एक कार्यक्रम में पृथ्वी दिवस के आयोजन का आव्हान किया था। अगले वर्ष 1970 से इसकी शुरुआत हुई । पृथ्वी को बचाने के लिए वियतनाम युद्ध का विरोध  और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरण इसका प्रमुख उद्देश्य था।  वियतनाम पर अमेरिका एक दशक तक हमले करता रहा ,लेकिन अंत में वह  वियतनामी जनता की देशभक्ति और बहादुरी के सामने नतमस्तक होकर वहाँ से भागा।  पृथ्वी पर मानव सभ्यता को बचाने के लिए  परमाणु हथियार मुक्त ,आतंक और हिंसा से मुक्त विश्व समाज का निर्माण  हमारे लिए एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य होना चाहिए । लेकिन आज तो सम्पन्न देशों का आर्थिक साम्राज्यवाद पृथ्वी के अस्तित्व के सामने कई तरह की चुनौतियों को जन्म दे रहा है।दुनिया के कई देशों में मनुष्यों के बीच धार्मिक और सांप्रदायिक वैमनस्यता  पृथ्वी के सामाजिक और सांस्कृतिक पर्यावरण को भी प्रदूषित कर रही है ।

    भारतीय संस्कृति में तो हमारे ऋषि -मुनियों और तपस्वियों ने सम्पूर्ण वसुधा को एक परिवार मानकर  हमें   'वसुधैव कुटुम्बकम'  की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा दी है। हमारे यहाँ तो प्रत्येक धार्मिक अनुष्ठान का समापन ' विश्व का कल्याण हो ' और 'प्राणियों में सदभावना हो ' जैसी वैश्विक मंगलकामनाओं के साथ होता है ।। हालांकि रेल ,  हवाई जहाज और समुद्री जहाजों के अत्याधुनिक साधनों से धरती पर आवागमन तेज हुआ है ।इन्हें मिलाकर  टेलीफोन ,मोबाइल फोन ,इंटरनेट जैसे परस्पर सम्पर्क और संचार  के नित नवीन आविष्कारों से   आज सम्पूर्ण विश्व एक वैश्विक ग्राम या ग्लोबल विलेज का आकार ले चुका है ,लेकिन इस वैश्विक गाँव में  'वसुधैव कुटुम्बकम ' या 'वसुधा  एक कुटुम्ब ' या ' एक परिवार'  की उदात्त भावना का घोर अभाव देखा जा सकता है। 

 पृथ्वी माता की संतान के रूप में सम्पूर्ण संसार को  अपना परिवार मानने ,  हर मनुष्य को ,हर प्राणी को अपने इस  परिवार का सदस्य मानने  और हमारे दिलों में  उन सबके कल्याण की भावना विकसित होने पर ही  पृथ्वी दिवस की अवधारणा सार्थक होगी। सवाल ये है कि कब ऐसा होगा ? बहरहाल , संसार के सभी लोगों को आज पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

         --स्वराज करुण 

(फोटो : इंटरनेट से साभार )

Wednesday, April 19, 2023

(पुस्तक -चर्चा ) पहली बार हुआ रूसी कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद


          (आलेख : स्वराज करुण )

 यह पहली बार है ,जब रूसी कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद 'जइसे मोर हाथ म एक ठन पंछी' (जैसे मेरे हाथ में एक पंछी) शीर्षक से  सामने आया है। अनुवादक हैं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कवि भगतसिंह सोनी ,जो हिन्दी और छत्तीसगढ़ी नई कविताओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं।  उन्होंने हिन्दी में प्रकाशित इन आधुनिक रूसी कविताओं को छत्तीसगढ़ी भाषा में सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है । इस अनुवाद संकलन में  20  कवियों की रचनाएं शामिल हैं । यह संकलन पिछले साल( 2021)  में प्रकाशित हुआ है। तब कोरोना काल चल रहा था। पुस्तक की शुरुआत करते हुए  अनुवादक ने अपनी भूमिका में इसे ' लॉक डाउन में किए गए अनुवाद कर्म ' के रूप में पेश किया है।


                                                 



  इतना ही नहीं ,बल्कि भगत सिंह सोनी ने  अन्य 20 देशों के  27 विदेशी कवियों की कविताओं का भी छत्तीसगढ़ी में अनुवाद किया है।वर्ष 2017 में प्रकाशित  इस  अनुवाद संकलन का शीर्षक है --'एक देस अउ एक्के घर के हम सब्बो ' यानी एक देश और एक ही घर के हम  सब  । यह शीर्षक ही हमें 'वसुधैव कुटुम्बकम' के प्राचीन भारतीय आदर्श की याद दिलाता है। इसमें निकारागुआ, ग्रीस ,स्पेन ,पोलैंड ,ऑस्ट्रिया ,मैक्सिको ,चिली ,दक्षिण कोरिया ,डेनमार्क ,अर्जेंटीना, इंग्लैंड, यूगोस्लाविया, स्वीडन ,वियतनामअमेरिका,कनाडा ,ईरान ,तुर्की,फिलिस्तीन और चीन के कवियों की रचनाओं का  पहली बार छत्तीसगढ़ी भाषा में अनुवाद हुआ है। संकलन में  फिलिस्तीन के चार और अमेरिका,वियतनाम, मैक्सिको और ग्रीस के दो -दो कवियों और बाकी देशों के एक -एक कवि का समावेश है। इनमें से फिलिस्तीनी कवियों में महमूद दरवेश ,जकरिया मोहम्मद ,मुरीद अल बरघौटी और हसन जकतन, मैक्सिको के कवियों में ऑक्टोवियो पॉज और खाइमे साबिनेस, वियतनामी कवियों में तोहू और थिकनाताहान और अमेरिकी कवियों में बाल्टहिटमैन   शामिल हैं। अनुवाद संग्रह 'जइसे मोर हाथ म एक ठन पंछी 'में जिन 20 रूसी कवियों की रचनाओं के छत्तीसगढ़ी अनुवाद हैं उनके नाम हैं -- अलेक्सांद्र ब्लोक ,ब्लादीमिर मायकोव्स्की, मरीना तवेतायेवा ,बोरिस पस्टेरनाक ,वेलेमीर रुलेबनिकोव, सामुइल मरसाक, अन्ना अरूमातौवा ,सर्गेई येसेनिन,सामुइल गालकिन, निकोलाई रीलेनकोव, मक्सिमतांक, अकार्डी कुलेसोव ,जुल्फ़िया ,मर्गारीता अलिगेर ,सर्गेई स्मिरनोव,मिखाइल द्यूदिन , येवगेनी यवतुसेंको,अंद्रेई वोज्नेसेन्सकी ,कासिइन कुलियेव और रसूल गम्ज़ातोव ।

     सोनी जी ने गजानन माधव मुक्तिबोध की लम्बी और चर्चित कविता -'अंधेरे में' को भी छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रस्तुत किया है ,जो वर्ष 2018 में  'अंधियार म' शीर्षक से पुस्तक रूप में छपकर आ गयी है। आधुनिक हिन्दी कविताओं के अनेक जाने माने रचनाकारों की कविताओं का छत्तीसगढ़ी अनुवाद भी सोनीजी ने किया है । यह अनुवाद संकलन  'गरमी के दुःख म फ़ूलथे अमलतास 'शीर्षक से कुछ वर्ष पहले छप चुका है। इन चारों अनुवाद संकलनों पर विस्तार से अलग -अलग चर्चा फिर कभी।इसके अलावा 'जुन्ना घर ' उनकी स्वयं की  छत्तीसगढ़ी  कविताओं का संकलन है।

  भगतसिंह सोनी  लगभग 56 वर्षों से हिन्दी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में काव्य साधना में लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के निवासी हैं। रायपुर में ही उनका जन्म 25 सितम्बर 1947 को हुआ था। वह देना बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक हैं। उनका लेखन वर्ष 1966 से अनवरत चल रहा है।  छत्तीसगढ़ी भाषा में अतुकांत कविताओं की शुरुआत करने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।उनके द्वारा रचित 'रँहचुली 'को छत्तीसगढ़ी की  पहली अतुकांत कविता माना जाता है।यह एक लम्बी कविता है।

उनके तीन  हिन्दी काव्य संग्रह हैं  - (1)नहीं बनना चाहता था कवि और (2)पृथ्वी से क्या कहेंगे और (3) अंतसकारा।  इनमें से 'नहीं बनना चाहता था कवि ' के लिए उन्हें मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा वर्ष 1995 में वागीश्वरी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।भगतसिंह सोनी की कविताएँ हिन्दी की अनेक साहित्यिक पत्र -पत्रिकाओं में छपती रही हैं। विशेष रूप से अस्सी के दशक में लघु पत्रिका आंदोलन के दौरान । वह स्वयं वर्ष 1980 से 82 तक  'जारी ' नामक अनियतकालीन लघु पत्रिका भी प्रकाशित करते रहे हैं।  आलेख  --  स्वराज करुण

Sunday, April 16, 2023

(आलेख) छोटी-सी पुस्तिका है बड़े काम की ....

 

लेखक -स्वराज्य करुण 

वैसे तो जिस चिकित्सा पद्धति से मनुष्य की बीमारियाँ ठीक हो जाएँ ,वही उसके लिए उपयोगी है ,बशर्ते वह अत्यधिक खर्चीली न हो ,  लेकिन मुझे लगता है कि  आज के मेडिकल बाज़ार में ,जिसमें अस्पतालों से लेकर मेडिकल स्टोर्स तक शामिल हैं , एलोपैथिक इलाज और दवाइयों का खर्चा उठाना हर किसी के वश में नहीं है। ऐसे में कई बीमारियों में जड़ी-बूटियों पर आधारित इलाज के घरेलू उपाय ही काम आते हैं ,जिन्हें हम आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति कहते हैं। यह भारत की सबसे पुरानी चिकित्सा पद्धति है। महर्षि धन्वंतरि को इसका जनक माना जाता है। हमारे मनीषियों ने इसे पाँचवें वेद के रूप में भी मान्यता दी है। वैदिक युग में देश में चार वेद रचे गए -ऋग्वेद ,यजुर्वेद ,अथर्व वेद और सामवेद । आयुर्वेद वास्तव में अथर्व वेद का ही एक अंग है। उसी पर आधारित है आयुर्वेदिकचिकित्सा पद्धति ।

हजारों साल पहले आचार्य सुश्रुत ,महर्षि च्यवन , महर्षि चरक जैसे कई तपस्वी और महान आयुर्वेदाचार्य हमारे देश मे हुए। आज के युग में आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों का औद्योगिक उत्पादन विभिन्न नामों से किया जाता है।  जैसे -मधुमेह के लिए मधुनाशिनी वटी । पाचन संबधी विकारों के लिए आंवला ,बहेड़ा और हर्रा (हरड़ या हरितकी)  मिश्रित चूर्ण 'त्रिफला के नाम से बहुप्रचलित है। ऐलोपैथिक औषधियों की तुलना में आयुर्वेदिक दवाइयाँ हालांकि काफी सस्ती होती है  ,फिर भी कई ऐसी आयुर्वेदिक औषधियाँ ऐसी भी हैं ,जो बाज़ार में काफी महँगे दामों में मिलती हैं। आधुनिक विकास की तेज और अस्त-व्यस्त रफ़्तार में जंगल उजड़ते जा रहे हैं।इसलिए जड़ी-बूटियाँ भी कम होती जा रही हैं।


                                                     


जड़ी-बूटियाँ हमारे आस-पास के वनों और अपने स्वयं के घरों की खाली जगहों में  मिल सकती हैं ,बशर्ते हम इसके लिए पेड़-पौधों को बचाएँ  ,नये पेड़ पौधे लगाएँ और जंगलों की सुरक्षा पर गंभीरता से ध्यान दें। हममें जड़ी-बूटियों को  पहचानने की क्षमता भी होनी चाहिए। गाँवों में ऐसे वैद्य आज भी मिल जाएंगे ,जिनमें दुर्लभ से दुर्लभ जड़ी-बूटियों की खोज करने और चिन्हित करने  की क्षमता होती है।इस सिलसिले में युग निर्माण योजना विस्तार ट्रस्ट ,गायत्री तपोभूमि ,मथुरा द्वारा प्रकाशित और डॉ. प्रणव पण्ड्या द्वारा सम्पादित 'जड़ी-बूटी चिकित्सा -एक संदर्शिका' एक महत्वपूर्ण पुस्तिका है। मात्र 64 पृष्ठों की यह छोटी -सी पुस्तिका   बड़े काम की है। भारत के प्रत्येक  परिवार में यह पुस्तिका होनी चाहिए।।मेरे पास इसका सन 2011 का संस्करण है ,तब इसकी कीमत मात्र 12  रुपए थी।इसमें विभिन्न शारीरिक व्याधियों के इलाज के लिए 42 प्रकार की जड़ी-बूटियों और आयुर्वेदिक महत्व के पेड़-पौधों की जानकारी दी गयी है ,जिनमें मौलश्री(बकुल),कायफल ,भृंगराज ,ब्राम्ही ,मालकंगनी ,शंखपुष्पी ,आंवला ,हरड़, बिल्व (बेल),मुलहठी, शतपुष्पा,कालमेघ ,गिलोय आदि शामिल है। डॉ. पण्ड्या इसके प्राक्कथन में लिखते हैं -"प्रकृति ने मनुष्य के लिए हर वस्तु उतपन्न की है ।औषधि उपचार के लिए जड़ी-बूटियाँ भी प्रदान की है । इस आधार पर चिकित्सा को सर्वसुलभ ,प्रतिक्रिया हीन तथा सस्ता बनाया जा सकता है।जड़ी-बूटी चिकित्सा बदनाम इसलिए हुई कि उसकी पहचान भुला दी गयी ,विज्ञान झुठला दिया गया । सही जड़ी-बूटी उपयुक्त क्षेत्र सेउपयुक्त मौसम में एकत्र की जाए ,उसे सही ढंग से रखा और प्रयुक्त किया जाए ,तो आज भी उनका चमत्कारी प्रभाव देखा जा सकता है।" 

      आधुनिक युग की अन्य चिकित्सा विधियों में ,विशेष रूप से एलोपैथी में शोध कार्यो को बहुत महत्व दिया जाता है। आयुर्वेद में भी नये अनुसंधानों पर ख़ूब काम होना चाहिए।भारत सरकार के आयुष विभाग द्वारा देश के कुछ बड़े शहरों में राष्ट्रीय आयुर्वेदिक शोध संस्थान भी संचालित किए जा रहे हैं। यह कार्य जनभागीदारी और समाज सेवी संस्थाओं के माध्यम से भी हो रहा है । इसी तारतम्य में डॉ. पण्ड्या  ने लिखा है -" युग ऋषि पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य के आशीर्वाद से ब्रम्हवर्चस्व शोध संस्थान ने इस दिशा में सफल शोध-प्रयोग किए हैं।गिनी -चुनी जड़ी-बूटियों से लगभग 80 प्रतिशत रोगों का उपचार सहज ही किया जा सकता है।ऐसी सरल ,सुगम ,सस्ती परंतु प्रभावशाली चिकित्सा पद्धति जन-जन तक पहुँचाने के लिए यह पुस्तक प्रकाशित की गई है। जड़ी-बूटियों की पहचान ,गुण ,उपयोग विधि सभी स्पष्ट रूप सेसमझाने का प्रयास किया गया है। पुस्तक में  ऐसी जड़ी-बूटियों को प्राथमिक दी गयी है ,जो भारत के अधिकांश क्षेत्रों में पाई जाती हैं अथवा उगाई जा सकती हैं।"

    सरकारों से मेरा निवेदन है कि इस प्रकार की महत्वपूर्ण और जनोपयोगी पुस्तिकाओं का वितरण स्कूल -कॉलेजों में अध्यापकों और विद्यार्थियों में भी करवाएँ ,ताकि उनमें भी जड़ी -बूटियों को पहचानने की क्षमता विकसित हो सके। मेरे विचार से आयुर्वेदिक महत्व की ऐसी पुस्तिका प्रत्येक भारतीय परिवार के पास भी होनी चाहिए। पता नहीं ,कब और कहाँ किसी बीमार मनुष्य के लिए यह संजीवनी साबित हो जाए!     -स्वराज्य करुण