कट रहे अमलतास , कट रहे पलाश ,
अब कहाँ गूंजेंगे फागुन के गीत !
नज़र नहीं आते अब काफिले प्यार के ,
दूर तक बिछ गए रस्ते कोलतार के !
अमराइयां बनती जा रही इतिहास ,
अब कहाँ झूमेंगे पाहुन के गीत !
वासन्ती धूप बिन जंगल वीरान हुआ ,
धरती का आँचल भी आज सुनसान हुआ !
किसने कह दिया कि ये है मधुमास
सुनाएगा कौन यहाँ मधुवन के गीत !
कौन यहाँ निर्दोष है और कौन दोषी ,
हवाओं में तैर रही खतरनाक खामोशी !
मौसम पर कैसे हो अब कोई विश्वास ,
कौन यहाँ गाएगा जीवन के गीत !
सहमे सब पंछी हैं, पेड़ हुए घायल ,
कोयल के पांवों से गायब है पायल !
कैसे हो पाएगा संगीत का आभास ,
बजाएगा कौन यहाँ रुनझुन के गीत !
स्वराज्य करुण
