Wednesday, September 14, 2011

हिन्दी -डे ' सेलिब्रेट 'करना है !

                  

                    अजी सुनते हो ! बंटी के स्कूल में हिन्दी दिवस मेरा मतलब  हिन्दी-डे मनाया जाएगा , अरे मनाया  नहीं, सेलिब्रेट किया जाएगा .  अभिभावक , ओफ  ओ , कितना मुश्किल वर्ड है ये भी,  मेरा मतलब पैरेंट्स को ,यानी गार्जियंस को भी  वहाँ बुलाया गया है.
                   अच्छा है जी ,  शादी के बाद तुम्हारी नौकरी लगी और हम लोग  शहर आ गए .बंटी भी शहर में पैदा हुआ ,वरना उसे भी गाँव की हवा लग जाती और वह भी गंवारों की तरह बन जाता , गाँव के स्कूल में गाँव के बच्चों के संग  टाट-पट्टी में ज़मीन पर बैठ कर ए,. बी , सी.डी  नहीं , क,ख, ग , सीखता . ,वन ,टू,थ्री ,फोर की जगह एक,दो, तीन, चार बोलता ., पोयम की जगह कविता रटता .गुड-मॉर्निग की जगह नमस्ते बोलता , शेक-हैंड की जगह अपने से उम्र में बड़े लोगों के चरण छूता  और गलियों में  गिल्ली डंडा खेलता .
            अच्छा हुआ जी,हम लोगों ने अपने बंटी का नाम इंग्लिश स्कूल में लिखवा दिया . कहाँ वो गाँव की टाट पट्टी वाली सरकारी प्राथमिक पाठशाला और कहाँ ये शहर का 'लिटिल फ्लावर' इंग्लिश मीडियम स्कूल . अपना बंटी होशियार ...ओहो , वेरी सौरी, होशियार नहीं, टैलेंटेड हो गया है.  अपनों से बड़ों को वह समय के हिसाब से गुड-मॉर्निंग और गुड-नाईट ,कहना सीख गया है. अपने स्कूल की शिक्षिका ,अरे वही , शिक्षिका यानी मेम   को वह अपने इंग्लिश बुक की हर पोयम  सुनाता है .अजी सुनो, छह महीने बाद हमारे घर एक 'नया मेहमान' भी तो आने वाला है . बंटी के स्कूल वालों ने विज्ञापन छपवाया है- इंग्लिश मीडियम स्कूल में उन बच्चों के लिए भी सीटों की एडवांस बुकिंग हो रही है ,जो अभी पैदा भी नहीं हुए हैं.लेकिन अगले कुछ महीनों में पैदा होने वाले हैं .सुनो जी ! हम लोग भी बुकिंग करवा लेते हैं ना ! छह महीने बाद मेरी गोद में बबला या बबली ,जो भी आए, उसका तो भविष्य ,ओहो ...भविष्य नहीं, फ्यूचर सुरक्षित यानी सिक्योर्ड हो जाएगा .
        अच्छा चलो अब सो जाते हैं. कल १४ सितम्बर को बंटी के स्कूल में 'हिन्दी -डे '  .सेलिब्रेट करने जाना है .
                                                                                              
                                                                                                           -   स्वराज्य करुण 







Sunday, September 11, 2011

उफ़ ! ये भयंकर भक्ति भावना !

                                                                                            -  स्वराज्य करुण

          
      दफ्तर पहुँचने में देर हो रही थी . फोर-लेन पर एक अधूरे  ओव्हर ब्रिज के आजू -बाजू बिखरे मलबे की वजह से मुख्य सड़क पर लगभग दो किलोमीटर लम्बा ट्रैफिक जाम लगा हुआ था . मैंने इस रुकावट  से बच निकलने के लिए बगल के शॉर्ट -कट रास्ते से निकलना चाहा और वाहन उधर घुमाया ,लेकिन यह क्या ? कुछ दूर जाने पर वहाँ एक बड़ा पंडाल तना हुआ था और उस रास्ते के दोनों तरफ से चार चक्के तो क्या , दो चक्के वाली गाड़ियों का  भी आना-जाना बंद हो गया था .वहाँ किसी तथा कथित सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति ने गणेश जी की प्रतिमा रखकर अपनी भक्ति-भावना के प्रदर्शन के लिए राहगीरों का और वाहनों का चलना-फिरना अघोषित रूप से बंद करवा दिया था . मुझे मजबूरी में उसी फोर लेन पर आना पड़ा ,जिस पर ट्रैफिक जाम जस का तस बना हुआ था और ट्रक,बस , जीप, कार आदि हर तरह की गाडियां टस से मस नहीं हो रहीं  थी .
                   बड़ी मुश्किल से जाम हटा और मै उस दिन बहुत विलम्ब से दफ्तर पहुंचा. खैर, इस देरी की भरपाई के लिए जब मै देर रात तक  दफ्तरिया कामों को निबटा कर घर के लिए निकला  तो दो किलोमीटर जाने पर बीच सड़क में आम-सभा जैसा नजारा देख  किसी शॉर्ट-कट वैकल्पिक रास्ते की खोज में गाड़ी वापस मोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं था. मेरे जैसे कुछ अभागे राहगीरों से पूछने पर मालूम हुआ कि कुछ तथा कथित  गणेश भक्तों की स्वघोषित समिति ने बीच सड़क पर गीत-संगीत का आयोजन किया है. सड़क के दोनों ओर से यातायात अवरुद्ध है .मुसाफिर और राहगीर हलाकान हैं ,लेकिन आयोजकों को उनसे भला क्या लेना-देना ?       उन्हें तो देर रात तक लाऊड स्पीकरों  पर गगन-भेदी गीत-संगीत के ज़रिये बरसने वाले भक्ति-रस की बहती गंगा में हाथ धोते रहना है . पास-पड़ोस के लोग भले ही  कर्ण-भेदी शोर से परेशान होते रहें !  शहर की एक सड़क से गाड़ी में गुजरते हुए उस दिन फिर कुछ ऐसा ही हुआ .उस एक ही सड़क पर सिर्फ एक किलोमीटर के छोटे से हिस्से में गणेश जी के कम से कम  बीस पंडाल सजे हुए थे .अनन्त-त्रयोदशी पर भक्तों की भारी भीड़ थी और भगवान की एक शोभा-यात्रा भी चल रही थी . इस मार्ग पर आने से पहले मुझे इसका अंदाजा नहीं था . लिहाजा , कम से कम डेढ़ घंटे उस ट्रैफिक जाम को मजबूरन झेलना पड़ा.
     बहरहाल , मै और मेरे जैसे कितनों ने  तो ट्रैफिक-व्यवधान की  इन तीनों घटनाओं में अपने कीमती वक्त की बर्बादी को किसी तरह बर्दाश्त कर लिया ,लेकिन ज़रा  सोचिये ,अगर  अपने परिवार के किसी गम्भीर बीमार सदस्य को लेकर कोई अस्पताल जा रहा हो ,और सड़क पर ऐसी कई रुकावटें खड़ी हों, तब क्या होगा ?  अगर कहीं आग लगी हो और फायर-ब्रिगेड को उसी रास्ते से आना-जाना हो , लेकिन   बीच सड़क पर किसी के द्वारा अपनी निजी भगवान भक्ति के प्रदर्शन के लिए पंडाल तान दिया गया हो, किसी  ने बीच रास्ते पर नाच-गाने की महफ़िल सजा रखी हो, भगवानों की शोभा यात्रा सड़कों को घेर कर चल रही हो, तब आग बुझाने के लिए निकले फायर -ब्रिगेड का और जहां आग लगी हो उस जगह का  क्या होगा ? परिणामों के बारे में सोच कर ही सिहरन होने लगती है. जिन लोगों को सरकार ने सार्वजनिक यातायात बनाए रखने की जिम्मेदारी दी है, वे पता नहीं ऐसे समय में कहाँ रह जाते हैं ? भगवान गणेश तो विघ्न-विनाशक हैं ,वो भला आम जनता के सामान्य यातायात में विघ्न क्यों डालेंगे ?  विघ्न तो विघ्न-संतोषियों द्वारा ही डाला जाता है  !
                            आधुनिक युग में  हमारे देश में सार्वजनिक गणेश उत्सवों का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा हुआ है . आज़ादी के महान योद्धा, महान चिंतक और  लेखक लोकमान्य पंडित बाल गंगाधर तिलक ने उन दिनों आम जनता में राष्ट्रीयता और देश की स्वतंत्रता  के लिए चेतना जगाने और इस अभियान में समाज को साथ जोड़ने के लिए सार्वजनिक गणेश-पूजन की शुरुआत की थी ,लेकिन यह भी सच है   कि तिलक जी ने कहीं भी यह नहीं कहा कि इस अनुष्ठान के लिए यातायात को ही रोक दिया जाए !
              हम इक्कीसवीं सदी में आ गए हैं . समाज में शिक्षा और साक्षरता की दर पहले की तुलना में काफी बढ़ गयी है,लेकिन इसका क्या फायदा , जब  हम एक-दूसरे की तकलीफों को समझने की कोशिश नहीं करते ! गाजे-बाजे के साथ धार्मिक जुलूस निकालना , अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर  धरना-प्रदर्शन करना , सड़क पर नाचते-गाते बारात निकालना ,अपनी शान दिखाने के लिए ध्वनि-प्रदूषण  के साथ धमाकेदार कान-फोड़ू संगीत बजाना और बीच-बीच में धमाकेदार पटाखे फोड़ना भी  कहीं न कहीं ,किसी न किसी विचार या किसी न किसी व्यक्ति अथवा संस्था के प्रति हमारी व्यक्तिगत आस्था और भक्ति-भावना को ही प्रकट करता है  जो  हमें  निजी तौर पर तो सुख देता है ,लेकिन यह सब देख कर आस-पास के घरों, राह चलते और वाहनों में आते-जाते लोगों के दिलों में  क्या प्रतिक्रिया होती होगी , क्या उन लोगों ने कभी सोचा है ,जो अपने किसी खास प्रयोजन से ऐसा आयोजन  करते हैं ? क्या ऐसा कोई भी सामूहिक या सार्वजनिक आयोजन दूसरों को तकलीफ दिए बिना नहीं हो सकता ?
                बीच सड़क पर देवी-देवताओं की मूरत रख कर , बिजली की जगमग रौशनी से उनके मंडप सजा कर सार्वजनिक रास्ते को रोकने का अधिकार हमें किसने दिया ? क्या ऐसा करके हम यातायात नियमों की धज्जियां नहीं उड़ाते ? क्या भगवान गणेश या किन्ही और देवी -देवताओं ने हमसे कहा है कि हम उनकी पूजा के लिए आम जनता के आने-जाने के रास्तों  को ही ठप्प कर दें ? अगर नहीं तो फिर भगवान के नाम पर ऐसी भयानक भक्ति क्यों, जिसे देख कर  सीधे सादे लोग  भयभीत हो जाएँ  और ऐसे भक्तों , जुलूसियों और बारातियों को दिल ही दिल में कोसते हुए  दबी ज़ुबान में झल्लाएं -उफ़ ! ये भयंकर भक्ति-भावना !                   
                                                                                                                  -   स्वराज्य करुण
                                                                                        
                                
(फोटो : गूगल से साभार )

Thursday, September 8, 2011

शहरों में आती है मानव-निर्मित बाढ़ !

                         
                  पिछले तीन-चार दिनों से प्रदेश में  व्यापक रूप से लगातार बारिश हो रही है. नदी-नाले उफान पर हैं. कुछ जिलों में बाढ़ के हालात भी देखे जा रहे हैं .यह  मौसम का उतार-चढाव है . मिजाज़ मौसम का कब कैसा हो , कहा नहीं जा सकता . अभी जबकि ये पंक्तियाँ  लिखी जा रही हैं , अगले कुछ घंटों या कुछ दिनों में  बारिश के हालात क्या होंगे , कुछ कहना मुश्किल है. हो सकता है द्रोणिका का प्रभाव  कम होने पर  बारिश की रफ्तार भी धीमी हो जाए ताकि  मौसम खुलने पर जन-जीवन सामान्य ढर्रे पर लौट सके ,लेकिन अभी तो बादलों का बरसना जारी है. भादों में बादल बरसों बाद इतना बरस रहे हैं . किसानों का कहना है कि इससे जहां धान की फसल को फायदा होगा , वहीं दलहन-तिलहन की खेती प्रभावित होगी,लेकिन लगातार बारिश जारी रहने पर धान की फसल भी खराब हो सकती है.  शहरों में निचली बस्तियों में बारिश का पानी घरों में घुसने पर लोग परेशान हो रहे हैं .लगभग सभी शहरों में सड़कों पर पानी बह रहा है ,क्योंकि निकासी की नालियां कचरे ,विशेष रूप से पॉलीथिन की थैलियों से अटी हुई हैं .
              मुझे लगता है कि हमारे गाँवों में अति-वर्षा से अगर बाढ़ के हालात बनते हैं, तो उसके लिए कुछ हद तक हम कुदरत को ज़िम्मेदार मान सकते हैं, लेकिन आज की स्थिति में अगर शहरों में ऐसे हालात बनते हैं, तो उसके लिए हम शहरवासी खुद ज़िम्मेदार हैं. हमें किसने कहा कि हम अपने घरों का कूड़ा-करकट उन तमाम नालियों में डालकर उन्हें अवरुद्ध कर दें , जिनका निर्माण करोड़ों रुपयों  की लागत से कराया गया था, और वह सारा खर्च  भी टैक्स के रूप में हमी लोगों ने दिया था . सड़कों के किनारे अपनी दुकान और अपने मकान की सरहद को चोरी-चोरी चुपके-चुपके बढाते हुए  हम नालियों पर भी कब्जा जमा लेते  हैं .ऐसे में अगर नालियां जाम हो जाएँ तो, पानी की निकासी कहाँ से होगी  ? फिर तो कुछ ही  मिनटों की बारिश में शहर की सड़कों में बाढ़ का नजारा दिखने लगेगा.  यह ज़रूर है कि हमारी इस लापरवाही को भी नगर-पालिकाओं के अधिकारी -कर्मचारी लापरवाही से या फिर 'सहयोग-शुल्क' लेकर नज़रंदाज़ कर जाते हैं. शहरों के नजदीक प्रवाहित नदियों में दुनिया भर का प्रदूषण हम लोग या हमारे ही लोग फैला रहे हैं ,जिससे नदियाँ सिमटने लगी हैं .फिर बारिश में शहर की सड़कों का पानी आखिर जाए तो जाए कहाँ ? उसे निकलने का रास्ता नहीं मिलेगा तो वह बस्तियों में ही फैलेगा और घरों में घुसेगा . इस प्रकार शहरों में बरसात में आने वाली बाढ़ वास्तव में कुदरती नहीं ,बल्कि मानव-निर्मित होती हैं .
           एक बात और ! जीवन के लिए पानी अनमोल है. यह जो बारिश हो रही है, वह कुदरत से हमें मुफ्त मिल रहा एक ऐसा अमृत है, जिसे पाने के लिए   देवी -  देवता भी तरसते होंगे . यह अमृत कहीं घर की छत से,तो कहीं सड़कों से बेकार बह जा रहा है, इसे समुचित जल-प्रबंधन के ज़रिये रोका जाना चाहिए ,ताकि वह सूखे मौसमों में भी भू-जल स्तर को संतुलित रख सके .रेन-वाटर हार्वेस्टिंग की तकनीक इसमें काफी मददगार हो सकती है. कुछ नगरीय निकायों में यह नियम भी लागू किया गया है कि उन्हीं  भवनों और मकानों के नक्शे पास होंगें ,जिनमे रेन-वाटर हार्वेस्टिंग का प्रावधान होगा,. नगरीय-निकायों के अधिकारी ऐसे नक्शों को पास तो कर देते हैं ,लेकिन बाद में उनके पास  मौके पर जाने और इसकी  तस्दीक करने की फुर्सत नहीं होती कि वास्तव में नक्शे के अनुरूप काम हुआ भी है कि नहीं . अगर  प्रत्येक मकान की छत से बारिश के पानी को एकत्रित कर हैंड-पम्पों के आस-पास कम लागत की एक विशेष तकनीक से ज़मीन  के भीतर भेज दिया जाए ,तो गर्मियों में ऐसे हैंड-पम्प कभी नहीं सूखते . लेकिन हम लोगों ने ठान रखा है कि इस तरफ देखना भी नहीं है, क्योंकि ऐसे कामों के लिए हमें फुर्सत नहीं है.
                       हम पहाड़ी-ढलानों से बारिश के बेकार बह जाने वाले पानी को रोकने के लिए भी गम्भीर नहीं है, जबकि ऐसा करके अन्ना हजारे ने अपने गाँव रालेगांव -सिद्धि को प्रसिद्धि के शिखर तक पहुंचा दिया .जल-ग्रहण क्षेत्र विकास या वाटर-शेड की उनकी इस तकनीक को सरकारी योजना का भी अंग बनाया जा चुका है . जी हाँ ! ये वही अन्ना हजारे हैं .-,जन-लोकपाल वाले  चौहत्तर साल के युवा , जिनके सामने कथित युवा -ह्रदय सम्राटों की चमक भी अब बहुत फीकी हो गयी है.
                                                                                                          - स्वराज्य करुण 

Wednesday, September 7, 2011

प्यार की निशानी !

                                   


                                             खेत-खेत और जंगल-जंगल बरस रहा  है पानी
                                             देखो-देखो मानसून  बन गया  है औघड दानी !

                                             धरती के आंगन में  बिछ गयी   हरियाली की चादर  ,
                                             बैठ के जिस पर प्रेम के पंछी बोलें अपनी बानी  !  
                  
                                            सोने-चांदी की चमक भी   इसके आगे फीकी
                                            बादलों से बरस रही जो  प्यार की   निशानी !

                                             थाम लो अपनी अंजुरियों में,वरना पछताओगे
                                             आज  तुम्हारी बेरुखी कल होगी एक कहानी !
                                    
                                            अमृत की  ये  बूँदें अनमोल तुम  मोल इनका समझो ,
                                            नहीं तो मौसम  तय कर देगा कीमत मनमानी !
                            
                                            पढ़-लिख वाकई आज बन गए  लोग बहुत ज्ञानी ,
                                            न जाने फिर  क्यों करते हैं  वो  ऐसी नादानी  !
                           
                                             अम्बर से बरसते आशीषों  को व्यर्थ बहा देते हैं
                                             फिर कैसे मिल पाएगी बोलो उसकी मेहरबानी !

                                                                                         स्वराज्य करुण


                                        
                                              
                             


                                  
                                         
                                             

Tuesday, September 6, 2011

हेलीकॉप्टर वाले डाकू !

                                                महंगाई से परेशान 
                                                कोई किराने की दुकान पर 
                                                तो कोई आटे की चक्की पर है ,
                                                फिर भी उनका कहना है कि
                                                देश तरक्की पर है  !

                                                कभी -कभी लगता है कि
                                                उनकी बातों में दम है ,
                                                तरक्की के रास्ते पर
                                                उनके ही बढते कदम हैं !
                                                इसीलिए उन्हें लगता है कि
                                                देश तरक्की  पर है ,
                                                कोई माने या न माने ,
                                                उन्हें किस बात का डर है  ?
                                           
                                               पहले लूटमार के लिए
                                               एक चाकू काफी था
                                               घोड़े पर बैठा डाकू काफी था  /
                                               अब डाकुओं के घरों में
                                               घोड़ों की जगह 
                                               मिलने लगे हैं हेलीकॉप्टर ,
                                               वह भी एक नहीं ,चार-चार ,
                                               विश्वास न हो तो
                                               देख लो आज का अखबार !
                                           
                                               महंगाई के चलते 
                                               भले ही भर न पाए हमारा झोला ,
                                               हमारे देश के डाकू
                                               रखने लगे हैं
                                               आधुनिक उड़न खटोला !

                                               फिर क्यों न कहें 
                                               देश तरक्की पर है आज ,
                                               अभी तो वे हेलीकॉप्टर से
                                               जाते हैं डाका डालने,
                                               कल उसकी जगह होगा
                                               तेज-रफ्तार हवाई जहाज !

                                               डाकू जी आएँगे फ्लाईट से,
                                               जाएंगे भी फ्लाईट से
                                               डालकर डाका ,
                                               कोई नहीं कर पाएगा
                                               उनका बाल बांका !
                                               आज तो वे लूट रहे हैं खेत
                                               और  खदान ,
                                               कल लूट कर ले जाएंगे
                                               पूरा हिन्दुस्तान !
                                                                          -स्वराज्य करुण
                                         

Monday, September 5, 2011

सच्चाई को नही चाहिए सुरक्षा घेरा !


                  एक खबर जो  कुछ अखबारों में पढ़ने को मिली, उसके अनुसार सुप्रसिद्ध और शत-प्रतिशत असली गांधीवादी समाज-सेवी अन्ना हजारे की सुरक्षा  को जन-लोकपाल मुद्दे पर उनके विशाल जन-आंदोलन के कारण खतरा उत्पन्न हो गया है,.इस वजह से महाराष्ट्र सरकार के निर्देश पर अहमदनगर पुलिस के जवान  उन्हें जेड श्रेणी के सुरक्षा घेरे में ले चुके हैं . इधर अन्ना हैं कि मान ही नही रहे हैं. वह ऐसी कोई सुरक्षा नहीं चाहते ,जिससे आम जनता को  तकलीफ झेलनी पड़े .
      यही वज़ह है कि उन्होंने सुरक्षा घेरा लेने से इंकार कर दिया है  और कहा है कि वह इस बारे में महाराष्ट्र के गृह मंत्री को चिट्ठी लिखेंगे . उन्होंने अपने गृह ग्राम रालेगन सिद्धि में पद्मा देवी मंदिर में पूजा करने के बाद कहा कि उन्हें सुरक्षा घेरा नहीं  चाहिए .वह जनता के बीच रह कर काम करते रहेंगे . अन्ना ने यह भी कहा कि देश की आज़ादी के लिए संघर्ष कर अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद भगत सिंह ,सुखदेव और राजगुरु ने भी अपने किसे काम के लिए किसी तरह की सुरक्षा नहीं ली थी . हिम्मत और हौसले के साथ अन्ना जी ने जिस साफगोई से यह बात कही है, क्या वह आज के उन एक से बढकर एक तथा कथित जन-सेवकों के लिए एक सबक नहीं है, जो हमेशा किसी न किसी सुरक्षा घेरे में रहना अपनी शान समझते हैं  ? हमारे यहाँ तो कहावत भी है - 'सांच को आंच नहीं ' , फिर किस बात का और कैसा डर ?
           अगर आप और हम किसी जन-सेवा की राह पर निकले हैं , तो किसी बनावटी और दिखावटी सुरक्षा की  ज़रूरत ही क्या है ? अगर हमारी सेवा भावना में सच्चाई है, तो जिस जनता-जनार्दन की हम सेवा करने का दावा करते हैं , वही जनता हमें सुरक्षा देगी . यह बात क्या जन-सेवकों को समझ में नहीं आती. आखिर उन्हें इतना डरने की क्या ज़रूरत है कि सुरक्षा घेरा ही उनके लिए सबसे बड़ी ज़रूरत बन जाए ?अन्ना जी सच्चाई की राह पर चल रहे हैं .उन्हें मालूम है कि खतरा चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो,  सच्चाई को किसी भौतिक सुरक्षा घेरे की ज़रूरत नहीं होती. सच्चाई अगर सुरक्षा घेरे में रहेगी , तो सत्य और अहिंसा का दम  घुट जाएगा . वास्तव में उनके जैसे समाज-सेवक के लिए जनता का प्यार और दुलार ही असली सुरक्षा  घेरा है , जिसका कोई अभाव अन्नाजी को नहीं है . हमारी भारतीय संस्कृति में भगवान गौतम बुद्ध ,महावीर स्वामी , संत कबीर, गुरुनानक , स्वामी विवेकानंद जैसे कई मनीषी और समाज सुधारक हुए, जिन्हें कभी किसी बाहरी सुरक्षा घेरे की ज़रूरत नहीं पड़ी. सच्चाई और अच्छाई की मशाल लेकर वे हमेशा जनता के बीच काम करते रहे.
       अन्ना जी गांधीवादी हैं.उन्हें यह भी मालूम है कि  सत्य और अहिंसा के पुजारी  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी अपने निजी जीवन के लिए आजीवन कोई सुरक्षा नहीं ली ,भले ही उन्हें अपने सिद्धांतों के लिए अपना जीवन भी कुर्बान करना पड़ा , लेकिन वह देश और दुनिया को अहिंसा और सच्चाई का रास्ता बता गए .  आज अन्ना हजारे भी हमें गांधी जी का बनाया यह मार्ग दिखा रहे हैं  वह भारत के आकाश में भारतीयों के लिए नयी आशाओं का एक नया रोल-मॉडल बनकर नए सितारे की तरह अपनी चमक बिखेर रहे हैं. अन्नाजी का जीवन देश की १२१ करोड जनता के लिए एक अनमोल धरोहर बन गया है. हमारी यह धरोहर सुरक्षित रहे ,अन्नाजी का सार्वजनिक जीवन स्वस्थ ,सुदीर्घ और यशस्वी हो  ,अन्याय  और अत्याचार के खिलाफ  वह देशवासियों को संगठित कर सबको सच्चाई का रास्ता दिखाते रहें , बस, यही कामना है.
                                                                                                            -    स्वराज्य करुण

Thursday, September 1, 2011

कौन किसके लिए खतरनाक ?

                                  कुछ लोग बुद्धिमान होने के कारण पुरस्कृत होते है तो कुछ लोग पुरस्कृत होने के बाद बुद्धिमान बनते  हैं और अपनी बुद्धि से दुनिया को बुद्धू बनाने की कोशिश करने लग जाते हैं .वह घुंघराले बालों वाली महिला भी इस दूसरे किस्म के लोगों की श्रेणी में आती है .
  वह एक लेखिका है  जो भारतीय होकर भी अंग्रेजी भाषा में ही लिखती है  और  कुछ साल पहले  किसी दूसरे देश में बुकर , शूकर पुरस्कार से सम्मानित होकर वतन लौटने के बाद यहाँ अपने ज्ञान की रसोई में बुद्धि की बघार लगाने लगी है और देशवासियों को बुद्धू समझ कर मीडिया के सहारे ज्ञान (?) बाँटने की कोशिश कर रही है.  बुकर, शूकर पुरस्कार के नशे में उसकी बुद्धि सातवें आकाश को छूने लगी है. उसे यह भी समझ में नहीं आ रहा है कि जनता किसके साथ है ! तभी तो उसने कल किसी टेलीविजन चैनल पर  यह बयान दिया है कि गांधीवादी  समाज सेवी अन्ना हजारे के जन-लोकपाल आंदोलन में राष्ट्र-गीत वन्दे मातरम और राष्ट्र ध्वज तिरंगा साम्प्रदायिकता का प्रतीक थे .अब कौन इस बुद्धिमान महिला से पूछे कि अपनी मातृभूमि की वन्दना के  लिए 'वन्देमातरम' गाना और अपने देश के स्वाभिमान का प्रतीक राष्ट्र-ध्वज फहराना क्या अपने ही वतन में अपराध हो गया ?
            देश की आज़ादी के लम्बे संघर्ष में बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय के जिस राष्ट्र गीत ने लाखों-करोड़ों भारतीयों की रगों में  राष्ट्रीयता का संचार किया, श्यामलाल पार्षद के गीत 'विजयी विश्व तिरंगा प्यारा -झंडा ऊंचा रहे हमारा ' ने जिस महान ध्वज को हमारी राष्ट्रीय अस्मिता से जोड़ा , राष्ट्र-वन्दना के जिस गीत को अपने दिल की आवाज़ बना कर और जिस पवित्र झंडे को भारत माता के सम्मान का प्रतीक बना कर लाखों देशवासी आज़ादी की लड़ाई में शहीद हो गए, उसे तो केवल तत्कालीन अंग्रेजी-हुकूमत  'साम्प्रदायिक ' और  'खतरनाक' मानती थी और देशभक्तों का दमन करती थी .  देशवासियों को धर्म-जाति से परे, जिस गीत और जिस ध्वज ने एकता के सूत्र में जोड़ा और अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की ताकत दी , आज वही गीत और वही ध्वज उस भारतीय लेखिका को साम्प्रदायिक  लग रहा है. शायद इसलिए कि  उसे उन्हीं अंग्रेजों ने बुकर-शूकर पुरस्कार से नवाजा है ,जिन्होंने हमे गुलाम बनाया था .
        विदेशी  पुरस्कार प्राप्त इस भारतीय लेखिका  ने एक कदम और आगे जाकर यह भी बयान दिया है  कि दिल्ली में जन-लोकपाल  आंदोलन के पहले दौर में मंच की पृष्ठभूमि पर भारत माता की तस्वीर लगी थी जबकि दूसरे चरण में उसकी जगह गांधीजी की तस्वीर ने ले ली . इस तथाकथित बुद्धिमान महिला के अनुसार वहाँ पर यानी मंच पर इस तरह की कई चीजें थीं ,जो बेहद खतरनाक हैं. यानी उसका कहना है कि भारत माता की तस्वीर और हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर भी  'खतरनाक ' हैं !  उसे भारत की युवा-शक्ति में ऊर्जा का संचार करने वाले चौहत्तर वर्षीय समाज सेवी अन्ना हजारे की अपार लोकप्रियता भी खटकने लगी है. यही वजह है कि उसने अन्नाजी को 'खाली बर्तन 'कह कर उन्हें अपमानित किया है. शर्मनाक  है इस तथा कथित 'महान' लेखिका की बुद्धि का स्तर और शर्मनाक  है उसके ज्ञान की गुणवत्ता , जिसके प्रभाव से उसे अपने ही देश को 'मातृभूमि  ' कहने और मानने में संकोच होता है , उसे भारत माता और सत्य-अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की तस्वीरें खतरनाक लगने लगती है. शायद अंग्रेजों से पुरस्कार ग्रहण करने वालों को भारत की हर वह चीज खतरनाक लगने लगती है ,जो उन्हें अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ भारतीयों के स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाती है ऐसे कथित बुद्धिजीवियों को 'भारत माता की जय ' कहने वाले भी खतरनाक नज़र आने लगते हैं . .
.भ्रष्टाचार के खिलाफ सम्पूर्ण राष्ट्र को लगभग एक पखवाड़े तक एकता के बंधन में बाँध लेने वाले अन्ना हजारे इस कथित लेखिका की  नज़रों में खाली बर्तन हैं . देश और देशभक्तों का ऐसा अपमान किसी देशद्रोही के अलावा और कौन कर सकता है ?  
  मुझे तो लगता है कि अन्ना हजारे के इस बेहद कामयाब अहिंसक जन-आंदोलन से उन लोगों को काफी तकलीफ होने लगी है ,जो भारत से भय ,भूख और भ्रष्टाचार को खत्म नहीं होने देना चाहते . इसलिए वे कभी अन्नाजी को अपमानित करते हैं ,तो कभी उनके सहयोगियों को.  अगर इसके बावजूद हम नहीं जागे तो  एक दिन फिर हमारे वतन पर फिरंगियों को कब्जा करने से भला कौन रोक पाएगा ? हमें समझने की ज़रूरत है कि देश में आज कौन किसके लिए खतरनाक साबित हो रहा है ?
                                                                                                  - स्वराज्य करुण